झूलती 11 केवी हाईटेंशन लाइन से मंडावर में मंडरा रहा बड़ा खतरा, कॉलोनीवासियों ने दी आंदोलन की चेतावनी, अतिरिक्त पोल लगाने का प्रस्ताव तैयार

 

स्मार्ट हलचल : नीरज मीणा

मंडावर। स्मार्ट हलचल|कस्बे के सरकारी अस्पताल के पीछे स्थित उमाकांत पटवारी वाली गली में झूल रही 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन स्थानीय लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। कॉलोनीवासियों ने इस गंभीर समस्या को लेकर जयपुर डिस्कॉम के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए लाइन को तत्काल सुरक्षित ऊंचाई पर कराने, अतिरिक्त पोल लगाने और स्थायी समाधान की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार यह हाईटेंशन लाइन गल्स स्कूल से सरकारी अस्पताल की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग से होकर गुजरती है। कई स्थानों पर तार जमीन से मात्र 8 से 10 फीट की ऊंचाई पर झूल रहे हैं, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के साथ-साथ आसपास रहने वाले परिवारों में भय का माहौल बना हुआ है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, क्योंकि तेज हवा, बारिश और पेड़ों की शाखाओं के संपर्क में आने से करंट फैलने तथा दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि यह रास्ता क्षेत्र का सबसे व्यस्त मार्ग है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसी रास्ते से अस्पताल, स्कूल और बाजार के लिए आवागमन करते हैं। इसके बावजूद लंबे समय से झूल रही विद्युत लाइन को लेकर कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौखिक एवं लिखित रूप से शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला। समस्या जस की तस बनी रहने से लोगों को मजबूर होकर एक बार फिर जयपुर डिस्कॉम मंडावर के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपना पड़ा।
शिकायतकर्ता प्रियंका सैनी ने बताया कि यदि इस ढीली हाईटेंशन लाइन के कारण भविष्य में कोई जनहानि होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन को किसी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय पहले ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने चाहिए।
ज्ञापन की प्रतिलिपि भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी तथा महवा विधायक राजेंद्र मीणा को भी भेजी गई है, ताकि जनहित से जुड़े इस गंभीर मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर समाधान कराया जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर डिस्कॉम की तकनीकी टीम ने मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर ले जाने के लिए एक अतिरिक्त विद्युत पोल लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। अब क्षेत्रवासी विभाग से जल्द स्वीकृति और कार्य शुरू होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही लाइन को सुरक्षित नहीं किया गया तो वे जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के समक्ष व्यापक जनआंदोलन शुरू करने के लिए विवश होंगे। उनका कहना है कि लोगों की सुरक्षा किसी भी कीमत पर सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और विद्युत विभाग को बिना देरी किए स्थायी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।