बिगेस्ट नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आगाज, पहले दिन बैंकर्स इलेवन और बाहुबली इलेवन विजयी

20 टीमों के 300 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, 3 नवंबर तक चलेगा क्रिकेट का रोमांच; दोनों मुकाबलों का फैसला एक और दो रन से हुआ

गंगापुर सिटी।स्मार्ट हलचल|भारत विकास परिषद शाखा सुभाष एवं जीपीएस स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में बिगेस्ट नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का शुभारंभ 22 अक्टूबर को सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड में हुआ। प्रतियोगिता में 20 टीमों के लगभग 300 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। टूर्नामेंट 3 नवंबर तक चलेगा।उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि नगर परिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल (कुबेर मेडिकल) रहे। विशिष्ट अतिथियों में सुशील दीक्षित, हेमंत शर्मा, सूरज प्रसाद गर्ग, धर्मेंद्र मित्तल, अनुज शर्मा, ओम प्रकाश धर्मकांटा, मनीष अग्रवाल, सुशील कुमार भारद्वाज, अंकित अग्रवाल, गिरधारी अग्रवाल, ओमी कटारिया, विनोद अटल, डॉ. भूरसिंह मीना, जगदीश हेमनानी, दीपक सिंघल, दीपक नरूका एवं गायत्री देवी सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उनका दुपट्टा पहनाकर स्वागत एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।

पहले मुकाबले में बैंकर्स इलेवन विजयी

टूर्नामेंट मीडिया प्रभारी मनोहर गुप्ता ने बताया कि पहले मुकाबले में बैंकर्स इलेवन ने 56 रन बनाए। जवाब में प्रशासन एकादश की टीम 54 रन ही बना सकी। इस तरह बैंकर्स इलेवन ने 2 रन से जीत दर्ज की। गौरव राजावत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

बाहुबली इलेवन ने एक रन से जीता मुकाबला

दूसरे मुकाबले में बाहुबली इलेवन ने 71 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए महूकला धुरंधर की टीम 70 रन पर सिमट गई। बाहुबली इलेवन ने 1 रन से रोमांचक जीत दर्ज की। जतिन वर्मा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

आयोजन में आदित्य भारद्वाज एवं चेतन अग्रवाल का विशेष योगदान

प्रतियोगिता के आयोजन में भारत विकास परिषद शाखा सुभाष के प्रांतीय सचिव आदित्य भारद्वाज एवं जीपीएस स्कूल के निदेशक चेतन अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन अजय भारद्वाज ने किया। खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए मैदान पर खानपान के स्टॉल, बच्चों के लिए झूले एवं मिक्की माउस की व्यवस्था भी की गई है। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देना तथा खेल भावना और टीम भावना को बढ़ावा देना है।