रणथंभौर में पहली बार होगा जनरल फिजिशियन्स का भव्य वैज्ञानिक सम्मेलन ‘राजऐपीकॉन-2026’

 

देशभर से जुटेंगे 1000 चिकित्सक, 100 विशेषज्ञ देंगे व्याख्यान; 200 से अधिक शोध प्रस्तुतियां और चार विशेष कार्यशालाएं होंगी आयोजित

सवाई माधोपुर। स्मार्ट हलचल|राजस्थान चैप्टर ऑफ एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन्स ऑफ इंडिया (API) का 38वां वार्षिक सम्मेलन ‘राजऐपीकॉन-2026’ 24 एवं 25 अक्टूबर को रणथंभौर स्थित होटल नाहरगढ़ में आयोजित होगा। रणथंभौर में पहली बार आयोजित हो रहे इस भव्य वैज्ञानिक सम्मेलन में देशभर से लगभग 1000 चिकित्सकों और 100 विशेषज्ञ वक्ताओं के शामिल होने की संभावना है। इनमें 20 राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों के साथ राजस्थान के विभिन्न जिलों से चिकित्सक और सुपर स्पेशलिस्ट भी भाग लेंगे।

आयोजन सचिव डॉ. सुमीत गर्ग ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य चिकित्सकों को चिकित्सा विज्ञान की नवीनतम जानकारियों, आधुनिक निदान तकनीकों और उपचार पद्धतियों से अवगत कराना है। सम्मेलन के मुख्य संरक्षक डॉ. के.के. पारीक एवं डॉ. गिरीश माथुर हैं।

200 से अधिक शोध प्रस्तुतियां और चार कार्यशालाएं

वैज्ञानिक अध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी शारदा ने बताया कि सम्मेलन में विभिन्न बीमारियों, उनके निदान, आधुनिक उपचार तकनीकों, आपातकालीन एवं गहन चिकित्सा, जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों और संक्रामक रोगों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में 200 से अधिक क्लिनिकल केस और शोध प्रस्तुतियां होंगी। चिकित्सकों के व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल को बढ़ाने के लिए चार विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग पर जोर रहेगा। सम्मेलन में स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को भी विशेषज्ञों के साथ संवाद, केस डिस्कशन और शोध प्रस्तुतियों के माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा।

राष्ट्रीय स्तर के चिकित्सक करेंगे उद्घाटन

आयोजन चेयरमैन डॉ. आर.के. जैन ने बताया कि त्रिनेत्र गणेश जी की पावन नगरी रणथंभौर में यह सम्मेलन चिकित्सकों को राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों के साथ अनुभव साझा करने और मरीजों के बेहतर उपचार के लिए नवीनतम चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर देगा।

सम्मेलन का उद्घाटन समारोह 24 अक्टूबर को शाम 6:30 बजे होटल नाहरगढ़ में होगा। इसमें API के प्रेसिडेंट-इलेक्ट डॉ. अशोक तनेजा मुख्य अतिथि होंगे। ICP के डीन डॉ. गिरीश माथुर एवं प्रख्यात चिकित्सक डॉ. के.के. पारीक गेस्ट ऑफ ऑनर तथा API के राष्ट्रीय सचिव डॉ. पुनीत सक्सेना विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान सम्मेलन की स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा।

18 वरिष्ठ फिजिशियन्स का होगा सम्मान

सम्मेलन में API राजस्थान चैप्टर की ओर से प्रदेश के 18 वरिष्ठ फिजिशियन्स को चिकित्सा सेवाओं, दीर्घकालीन योगदान और समाज के प्रति समर्पण के लिए ‘वरिष्ठ फिजिशियन सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। वहीं, चिकित्सा अनुसंधान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को रिसर्च अवार्ड्स से सम्मानित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करना है।