बिजोलिया: डंपर से टकराई बाइक, मजदूर युवक की दर्दनाक मौत; मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
बिजोलिया, स्मार्ट हलचल। थाना क्षेत्र के इंद्रपुरा के निकट शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक मजदूर युवक की मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार सुबह सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बीमार पत्नी से मिलने जा रहा था युवक, रास्ते में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक पूरण रैगर शुक्रवार रात अपनी बीमार पत्नी से मिलने के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में सड़क किनारे खड़े एक डंपर से उसकी बाइक टकरा गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे को अंजाम देने के बाद डंपर का चालक मौके से भागने में सफल रहा।
1 करोड़ के मुआवजे और सरकारी नौकरी की उठी मांग
युवक की मौत की खबर फैलते ही शनिवार सुबह ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने सलावटिया-कांस्या मार्ग पर जाम लगा दिया और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के आश्रित परिवार के लिए 1 करोड़ रुपए का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की सख्त मांग रखी है।
इसके अलावा, प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने इलाके में नियम विरुद्ध तरीके से संचालित हो रहे धर्मकांटे को भी तुरंत हटाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से समझाइश का प्रयास कर रहे हैं।
