जनता के विश्वास और सेवा के संकल्प के साथ संभाली सरपंच पद की जिम्मेदारी, बोले—गांव के विकास में नहीं आने दूंगा कोई कमी
आकोला( रमेशचंद्र डाड)
स्मार्ट हलचल|लोकतंत्र में जनता का विश्वास और निरंतर संघर्ष ही सफलता की सबसे बड़ी ताकत है। इसका उदाहरण बिरधोल पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच भंवर सिंह राणावत ने पेश किया है। वर्ष 2018 के सरपंच चुनाव में जनता के आशीर्वाद से उन्हें 475 वोट मिले थे, लेकिन उस समय जीत हासिल नहीं हो सकी। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और सात वर्षों तक लगातार संघर्ष, मेहनत और जनसेवा के माध्यम से लोगों के बीच अपनी पहचान बनाए रखी। आखिरकार जनता ने उन्हें अपना आशीर्वाद देकर सरपंच पद की जिम्मेदारी सौंपी। यह जीत उनके धैर्य, समर्पण और कभी हार न मानने वाले जज्बे की मिसाल बन गई है कमलेश सालवी ने बताया कि
भंवर सिंह राणावत ने पिछले कई वर्षों से गरीब, किसान और मजदूर वर्ग के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए। उन्होंने जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए दिन-रात की परवाह किए बिना काम किया। गांव के लोगों से लेकर जिला मुख्यालय तक, आमजन की समस्याओं को लेकर वे हमेशा सक्रिय रहे। विशेष रूप से गरीबों, किसानों, मजदूरों और ब्लड बैंक से संबंधित जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए उन्होंने हर संभव प्रयास किया।
उनकी इसी जनसेवा और निरंतर सक्रियता ने जनता के बीच विश्वास मजबूत किया। सात वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद मिली जीत को क्षेत्र में उनकी मेहनत और जनसमर्थन का परिणाम माना जा रहा है।
सरपंच पदभार ग्रहण समारोह के दौरान पंडित गोपाल लाल शर्मा ने मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना करवाई। धार्मिक अनुष्ठान के बाद नवनिर्वाचित सरपंच भंवर सिंह राणावत ने पंचायत की जिम्मेदारी संभालते हुए ग्रामीणों की सेवा और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प व्यक्त किया।
समारोह में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। लंबे संघर्ष के बाद मिली सफलता को लेकर समर्थकों और ग्रामवासियों में उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित सरपंच भंवर सिंह राणावत ने कहा कि जनता ने उन पर विश्वास जताते हुए पंचायत की जिम्मेदारी सौंपी है। वे इस विश्वास को कभी टूटने नहीं देंगे। पंचायत के प्रत्येक गांव, ढाणी और घर तक विकास कार्य पहुंचाने का प्रयास करेंगे। गरीब, किसान, मजदूर और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में जो कमियां रह गई थीं, उन्हें दूर करते हुए पंचायत को विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाया जाएगा। जनता की सेवा में कोई कमी नहीं रखी जाएगी और सभी को साथ लेकर काम किया जाएगा
सरपंच पदभार ग्रहण समारोह में उपसरपंच मधुबाला/महेंद्र दरोगा, वर्तमान सरपंच प्रत्याशी अरुण जोशी, महेंद्र जोशी, सभी वार्ड पंच, ठां जगदेव सिंह, नारायण सिंह, केशव शर्मा, शारदा सेन, हंसराज बलाई, देवी लाल माली सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
भंवर सिंह राणावत की जीत लंबे संघर्ष, जनसेवा और जनता के विश्वास का परिणाम है। अब ग्रामीणों को उनसे पंचायत के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान की उम्मीद है।