पुष्पा बल्दुआ और कैलाश गहलोत ने दाखिल किए नामांकन, निर्दलीय-आरएलपी पार्षदों पर टिकी नजरें
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|नगर परिषद सभापति पद के चुनाव को लेकर सियासी तस्वीर साफ हो गई है। बुधवार को भाजपा की पुष्पा बल्दुआ और कांग्रेस के कैलाश गहलोत ने सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के मैदान में उतरने के साथ ही सभापति पद के लिए मुकाबला आमने-सामने का हो गया है।निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम जयपाल सिंह राठौड़ की मौजूदगी में नगर परिषद आयुक्त कक्ष में नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। कांग्रेस प्रत्याशी एवं वार्ड 55 के पार्षद कैलाश गहलोत ने पहले नामांकन दाखिल किया। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय शर्मा, माइंस एवं माइनिंग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष आशीष पाल पदावत, वरिष्ठ नेता पारस पांच सहित कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके बाद भाजपा प्रत्याशी एवं वार्ड 27 की पार्षद पुष्पा बल्दुआ ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, भाजपा ब्यावर प्रभारी सरिता गेना सहित पार्टी के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नगर परिषद के 60 वार्डों में भाजपा के 23, कांग्रेस के 20, निर्दलीय 13 और आरएलपी के 4 पार्षद हैं। ऐसे में किसी भी दल के पास स्पष्ट बहुमत नहीं होने से सभापति चुनाव में निर्दलीय और आरएलपी पार्षदों की भूमिका अहम हो गई है। अब दोनों दलों की नजर इन पार्षदों के समर्थन पर रहेगी।
सभापति पद के लिए मतदान 21 सितंबर को होगा। इससे पहले पार्षदों के समर्थन को लेकर दोनों दलों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।