भाजपा जिला पदाधिकारियों की बैठक आयोजित, संगठन सशक्तिकरण और विस्तार पर रहा जोर

भीलवाड़ा 12 मई। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार भाजपा जिला पदाधिकारियों एवं विधानसभा संयोजकों की बैठक जिला कार्यालय पर जिला संगठन प्रभारी संजय जैन ताऊ के मुख्य आतिथ्य, जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा की अध्यक्षता एवं जिला महामंत्री अविनाश जीनगर, प्रहलाद त्रिपाठी, कन्हैयालाल जाट के सान्निध्य में आयोजित हुई।

जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में जिला संगठन की गतिविधियों, अभियानों की गति प्रगति की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला प्रभारी संजय जैन ताऊ ने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी मंडल से लेकर शक्ति केंद्र और बूथ को मजबूत करने का संकल्प लेवे। सभी को बूथ जीता तो चुनाव जीता के मंत्र को साधकर आगामी चुनावों में विजय का परचम लहराना है। उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता का महत्व है तो वहीं प्रत्येक कार्यकर्ता की पहचान भाजपा से है। इसलिए पदाधिकारी संगठन के प्रति ईमानदारी, समर्पण और निष्ठा की भावना रखते हुए कार्यकर्ताओं में भी यह भाव जागृत करें।

भाजपा संगठन में नवाचार, प्रत्येक माह आयोजित होगी मंडल और जिले की बैठक – मेवाड़ा

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने पदाधिकारियों में आपसी संवाद के साथ ही समन्वय, सौहार्द व सामंजस्य स्थापित करने की दृष्टि से नवाचार करते हुए प्रत्येक माह मंडल पदाधिकारियों की एक बैठक और जिला पदाधिकारियों की एक बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत भीलवाड़ा जिले में प्रत्येक माह की 1 से 7 तारीख के मध्य प्रत्येक मंडल स्तर पर पदाधिकारियों की बैठक एवं 8 से 15 तारीख के बीच जिला पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी।

संगठन विस्तार के तहत जिले में बढ़ेगी शक्ति केंद्रों की संख्या

जिलाध्यक्ष मेवाड़ा ने बताया कि सोमवार को आयोजित बैठक में 38 में से 36 पदाधिकारियों और सातों विधानसभा संयोजकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में संगठन विस्तार की दृष्टि से शक्ति केंद्रों की संख्या 296 से बढ़ाकर लगभग 535 की जाएगी। इसके अलावा 39 मंडलों की सार संभाल और व्यवस्थाओं की दृष्टि से 16 मंडल पालक भी नियुक्त किए गए हैं। इसी प्रकार शक्ति केंद्रों को अधिक मजबूत एवं सक्रिय करने के लिए मंडल पदाधिकारियों को शक्ति केंद्रों का प्रभारी नियुक्त किया जाएगा।

ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराकर पदाधिकारियों से लिए सुझाव

बैठक में जिला पदाधिकारियों और विधानसभा संयोजकों की पार्टी के सरल एप पर जीपीएस आधारित ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराई गई। इसके अलावा सरल एप और सोशल मीडिया के संबंध में तकनीकी जानकारी भी प्रदान की गई। साथ मन की बात अभियान के साथ वर्तमान में जिले में चल रहे ग्राम विकास रथ अभियान को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।