चुनाव प्रभारी शंकर लाल यादव ने पदाधिकारियों और बूथ संयोजक-सहसंयोजकों को दिया जीत का मंत्र—मतभेद भूलकर संगठन के लिए एकजुट होकर मैदान में उतरने का आह्वान
नीरज मीणा
मंडावर।स्मार्ट हलचल/ पंचायतीराज चुनाव 2026 को लेकर भाजपा मंडावर मंडल में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। रविवार को मंडावर में भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई, जिसमें चुनाव प्रभारी शंकर लाल यादव ने मंडल चुनाव प्रबंधक समिति के सदस्यों, बूथ स्तर के संयोजकों एवं सहसंयोजकों के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर गहन मंथन किया।
बैठक में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर टिकट वितरण, संभावित दावेदारों, बूथ स्तर की तैयारियों और संगठन की चुनावी रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेते हुए चुनाव को लेकर संगठन की आगामी दिशा और जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई।
‘छोटी बातों को छोड़ो, संगठन के लिए एकजुट हो जाओ’
चुनाव प्रभारी शंकर लाल यादव ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि चुनाव संगठन की सामूहिक ताकत से लड़ा जाता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को छोटी-छोटी बातों और व्यक्तिगत मतभेदों को नजरअंदाज कर एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करना होगा।
उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को चुनावी संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने और संगठन के निर्देशों के अनुसार चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
टिकट वितरण को लेकर भी हुआ मंथन
बैठक में पंचायत चुनाव के लिए टिकट वितरण को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। संभावित दावेदारों और संगठन की चुनावी स्थिति को लेकर पदाधिकारियों के बीच विचार-विमर्श किया गया। पार्टी नेतृत्व की ओर से संगठन हित और चुनावी मजबूती को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि चुनाव में व्यक्तिगत पसंद-नापसंद से ऊपर उठकर संगठन के अधिकृत निर्णय को स्वीकार करते हुए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर प्रत्याशी के पक्ष में काम करना होगा।
बूथ स्तर पर भाजपा की घेराबंदी मजबूत करने की तैयारी
बैठक के जरिए भाजपा ने मंडावर क्षेत्र में बूथ स्तर तक अपनी चुनावी तैयारियों को धार देने का संकेत दिया। संयोजक और सहसंयोजकों को अपने-अपने बूथ पर कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर चुनावी गतिविधियों को गति देने की जिम्मेदारी पर जोर दिया गया।
बैठक में मंडावर मंडल अध्यक्ष कुलदीप सिंह राजपूत, पंचायत समिति सदस्य डूंगर सिंह राजपूत, महामंत्री नेमीचंद सैनी, सरपंच नेमीचंद, संयोजक सोनू वशिष्ठ, सोशल मीडिया प्रमुख मुकेश साहू, महेश, खुशीराम राजगढ़, राजेश ऊकरूंद, मीडिया प्रमुख नीरज मीना,अमर सिंह मान्यापुरा सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
चुनाव से पहले संगठन ने दिखाई ताकत
पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों के बीच हुई इस बैठक को भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टिकट वितरण से लेकर बूथ स्तर की रणनीति तक हुई चर्चा ने संकेत दे दिए हैं कि मंडावर में भाजपा अब चुनावी मोड में पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है।
अब नजर टिकट वितरण पर रहेगी—किस चेहरे पर संगठन लगाएगा दांव और कौन-कौन से दावेदार मैदान में उतरेंगे, इसे लेकर कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों पर सबकी निगाहें टिकी है