कोटड़ी पंचायत समिति में भाजपा के कैलाश सुथार 5 मतों से उपप्रधान निर्वाचित

:- कांग्रेस की केशर कंवर को हराया, भाजपा को 16 और कांग्रेस को मिले 11 मत; जीत के बाद मुख्य बाजार में निकाला विजय जुलूस
राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल|कोटड़ी पंचायत समिति में उपप्रधान पद के लिए हुए निर्वाचन में भाजपा के प्रत्याशी कैलाश सुथार ने 5 मतों से जीत दर्ज कर उपप्रधान पद पर कब्जा जमाया। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी केशर कंवर को शिकस्त दी। मतदान में भाजपा प्रत्याशी कैलाश सुथार को 16 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी केशर कंवर को 11 मत प्राप्त हुए। निर्वाचन परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। जीत की घोषणा के बाद पंचायत समिति परिसर से बाहर निकलते ही कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित प्रधान कन्हैया लाल जाट एवं उपप्रधान कैलाश सुथारव मण्डल अध्यक्ष प्रहलाद सेन को कंधों पर उठा लिया। इसके बाद डीजे की धुन पर ढोल-नगाड़ों और नाचते-गाते कार्यकर्ताओं के साथ विजय जुलूस निकाला गया। जुलूस कोटड़ी के मुख्य बाजार से होते हुए श्री चारभुजानाथ मंदिर पहुंचा। रास्ते में जगह-जगह आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया गया तथा मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को जीत की बधाई दी गई। इस दौरान मंडल अध्यक्ष एवं पंचायत समिति सदस्य प्रहलाद सेन, पूर्व प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्य करण सिंह सहित नवनिर्वाचित प्रधान, उपप्रधान और सभी निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों ने श्री चारभुजानाथ मंदिर में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। विजय जुलूस में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए।

तीन दशक से अधिक का राजनीतिक अनुभव

नवनिर्वाचित उपप्रधान कैलाश सुथार का राजनीतिक सफर भी खासा अनुभवपूर्ण रहा है। वे ककरोलिया घाटी से दो बार सरपंच निर्वाचित हो चुके हैं तथा तीन बार पंचायत समिति सदस्य रहे हैं। पिछले पंचायत समिति कार्यकाल में भी उन्होंने उपप्रधान का दायित्व निभाया था। इस बार पुनः उपप्रधान निर्वाचित होकर उन्होंने लगातार दूसरी बार इस पद की जिम्मेदारी संभाली है।