सूरौठ में भाजपा की कमला देवी महावर बनी नगरपालिका अध्यक्ष, दो मतों से जीती

सूरौठ में भाजपा का बोर्ड बना
9 निर्दलीयों ने दिया साथ, कांग्रेस की सोमोती को मिले 9 वोट, 20 वार्डों में भाजपा-कांग्रेस के 2-2 पार्षद ही जीते थे
सूरौठ। स्मार्ट हलचलसूरौठ में पहली बार हुए नगर पालिका चेयरमैन पद के चुनाव में भाजपा ने बाजी मार ली। भाजपा प्रत्याशी कमला देवी महावर ने कांग्रेस प्रत्याशी सोमोती महावर को 2 मतों के अंतर से हराकर चेयरमैन पद पर कब्जा किया। कमला देवी को 11 मत मिले, जबकि सोमोती के पक्ष में 9 पार्षदों ने मतदान किया।
सूरौठ नगर पालिका के 20 वार्डों के लिए 11 सितंबर को मतदान हुआ था। 14 सितंबर को घोषित परिणाम में 16 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे, जबकि भाजपा और कांग्रेस को 2-2 सीटें मिली थीं। ऐसे में चेयरमैन चुनाव में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका निर्णायक हो गई थी।
मतदान के बाद भाजपा की कमला देवी महावर को 11 मत मिले, जबकि कांग्रेस की सोमोती महावर को 9 मत मिले।
दोनों दलों के पास 2-2 पार्षद थे, लेकिन चेयरमैन चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को निर्दलीय पार्षदों का समर्थन मिला और उनका आंकड़ा 11 तक पहुंच गया। इस तरह 11 बनाम 9 के मुकाबले में कमला देवी महावर ने दो मतों से जीत दर्ज कर सूरौठ की पहली निर्वाचित नगर पालिका चेयरमैन बनने का गौरव हासिल किया। रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक कलेक्टर करौली प्यारेलाल सौंथवाल तथा चुनाव प्रभारी राजवीर सिंह डागुर ने बताया कि सूरौठ नगर पालिका के चेयरमैन पद के लिए पालिका कार्यालय में सोमवार सुबह 10:00 बजे से मतदान प्रारंभ हुआ। 11:00 तक सभी 20 पार्षदों ने अपना मतदान किया। मतदान के पश्चात मत गणना की गई। चुनाव में भाजपा प्रत्याशी कमला महावर ने 11 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। कांग्रेस प्रत्याशी सोमोती महावर को 9 मत मिले। इस तरह कमला महावर ने सोमोती महावर को 2 मतों के अंतर से हराकर चेयरमैन पद पर जीत दर्ज की। विजयी होने के बाद रिटर्निंग अधिकारी प्यारे लाल ने कमला महावर को विधिवत शपथ दिलवाई।
सूरौठ नगर पालिका के पहली बार हुए चुनाव के बाद चेयरमैन पद को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला रहा। नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव का परिणाम घोषित होते ही भाजपा समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।
नगर पालिका कार्यालय में तैनात रहा पुलिस जाब्ता
चुनाव को लेकर दोनों पक्षों की ओर से तैयारियां की गई थीं। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया गया। चुनाव को लेकर नगर पालिका कार्यालय
पर काफी पुलिस जाब्ता तैनात रहा। विजयी होने पर बीजेपी के चुनाव प्रभारी पूर्व सांसद रामस्वरूप कोली, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष हेमेंद्र वशिष्ठ, सूरौठ भाजपा मंडल अध्यक्ष पिंटू सोलंकी, पूर्व मंडल अध्यक्ष भोलेशंकर शर्मा, पूर्व सरपंच नत्थू सिंह राजावत, जिला महामंत्री दिलीप गुप्ता, रजनीश मीणा, हंसराज मीणा, धर्म सिंह बंडा, मोहित सिंह राजपूत, सत्येंद्र बंशीवाल, राजेश सिंघल, पंकज गौड, दीपक शर्मा, प्रोफेसर ठंडी लाल राजावत, बाबूलाल सैनी, रमेश कोली, अवधेश शर्मा, भरत सिंह सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष कमला महावर का साफे व मालाएं पहनाकर सम्मान किया।