गंगापुर में ब्लॉक स्तरीय प्रबल कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

(राहुल प्रजापत व रवीना जाट का जिला स्तर पर चयन)

गंगापुर

(दिनेश लक्षकार)

स्मार्ट हलचल|राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद्, जयपुर के निर्देशानुसार पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगापुर में मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय ‘प्रबल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, अभिव्यक्ति एवं रचनात्मक कौशल का प्रभावी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के प्रभारी नारायण सिंह चुंडावत ने बताया कि
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीबीईओ नरोत्तम कुमार दाधीच, विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रमेश चावला थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य गोवर्धन लाल सोनी ने की। प्रबल कार्यक्रम के सह-प्रभारी ईश्वर लाल रेगर ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए आशुभाषण, नाट्य प्रदर्शन एवं पैनल चर्चा जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी तार्किक क्षमता, वक्तृत्व-कौशल, रचनात्मक अभिव्यक्ति तथा मंचीय प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में सहाड़ा ब्लॉक के कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर छात्र राहुल प्रजापत एवं छात्रा रवीना जाट का जिला स्तर के लिए चयन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य निर्णायक के रूप में भवानी शंकर भट्ट, ओम प्रकाश उपाध्याय, देवकिशन बलाई, प्रेम प्रकाश भाटिया एवं रामचन्द्र बैरवा ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। मुख्य अतिथि सीबीईओ नरोत्तम दाधीच ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन मोहन लाल प्रजापत ने किया। इस अवसर पर प्रहलाद राय तेली, नारायण लाल गुर्जर रेखा जीनगर,रेणु शर्मा सहित समस्त स्टाफ साथी एवं छात्र-छात्रा आदि उपस्थित थे।