823 रक्तवीरो ने चारभुजानाथ दरबार के रक्तदान शिविर में दिया रक्त

 

:- जलझूलनी महोत्सव के अवसर पर उमड़ा रक्तदाताओं का सैलाब, युवाओं के साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर लिया भाग
:- रक्तदान शिविर के साथ ही झलझुलन महोत्सव का आगाज
राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल|मेवाड़ के ऐतिहासिक भगवान श्रीचारभुजानाथ मंदिर परिसर में रविवार को जलझूलनी महोत्सव के अवसर पर हर पंचायत रक्त पंचायत अभियान के तहत विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। चारभुजा मंदिर ट्रस्ट एवं सहयोग सेवार्थ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बना। शिविर में 823 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
शिविर का शुभारंभ मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष सुदर्शन गाड़ोदिया, सचिव श्यामसुंदर चेचाणी एवं भीलवाड़ा गारमेंट्स होलसेल एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश सोमाणी सहित अतिथियों ने भगवान श्रीचारभुजानाथ की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। सुबह से ही विभिन्न गांवों से युवा रक्तदान के लिए टोली बनाकर मुख्य बाजार से मंदिर परिसर पहुंचे और रक्तदान कर सेवा का संदेश दिया। शिविर में दिनभर रक्तदाताओं की लंबी कतार लगी रही। युवाओं के साथ महिलाओं ने भी रक्तदान कर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। शिविर में पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, सहयोग सेवार्थ फाउंडेशन के सचिव गोपाल विजयवर्गीय, हेमंत गर्ग, दीपक पोखरना, राजेंद्र काबरा, शिक्षक संघ राष्ट्रीय के जिला कोषाध्यक्ष शान्ति लाल पोखरना, संजय बियाणी, भाजपा नेता भरत सिंह, कांग्रेस नगर अध्यक्ष सत्यनारायण आचार्य, महेंद्र टेलर, दिनेश डिडवानिया, राकेश काबरा सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी व्यवस्थाओं में जुटे रहे।शिविर में 823 यूनिट रक्त संग्रहित होना कोटड़ी के रक्तदान अभियान की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
रक्त संग्रहण
रामस्नेही ब्लड बैंक भीलवाड़ा, कोटड़ी श्याम ब्लड बैंक भीलवाड़ा , राजकीय महात्मा गांधी ब्लड बैंक भीलवाड़ा, केशव ब्लड बैंक, सुमेधा दुर्लभ जी ब्लड बैंक भीलवाड़ा, गीतांजलि मेडिकल कॉलेज उदयपुर टीम द्वारा किया गया। फाउंडेशन की ओर से सभी रक्त संग्रहण टीमों का आभार व्यक्त किया गया ।

2017 से लगातार हो रहा रक्तदान

फाउंडेशन के सचिव गोपाल विजयवर्गीय ने बताया कि वर्ष 2017 से जलझूलनी महोत्सव के दौरान लगातार रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से अब तक हजारों यूनिट रक्त संग्रहित किया जा चुका है। जिलेभर में 750 से अधिक शिविरों के माध्यम से करीब एक लाख यूनिट रक्तदान कराया जा चुका है, जिसके लिए संस्था को राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर सम्मानित भी किया गया है। ट्रस्ट अध्यक्ष सुदर्शन गाड़ोदिया ने बताया कि विशाल जलझुलन महोत्सव का आगाज रक्त विरो के प्रभु श्रीचारभुजनाथ के चरणों मे शिविर के दौरान रक्तदान के साथ ही हो गया। रविवार से ही मन्दिर परिसर में अनेक भव्य आयोजन में अधिक से अधिक भक्तो को उपस्थित होने का आग्रह किया है।