दाधीच युवा प्रकोष्ठ ने रक्तदान को बनाया जनअभियान का लक्ष्य

पंकज पोरवाल

13 सितंबर के शिविर की तैयारियों पर मंथन, वाहन रैली के जरिए देंगे सामाजिक जागरूकता का संदेश

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|समाजसेवा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दाधीच युवा प्रकोष्ठ की बैठक रविवार को आयोजित हुई। बैठक में आगामी दधीचि जयंती के अवसर पर होने वाले रक्तदान शिविर सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों को लेकर युवाओं ने एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक की अध्यक्षता दाधीच युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष कुश आचार्य ने की। उन्होंने आगामी 13 सितंबर रविवार को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए युवाओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। रक्तदान शिविर के आयोजन के लिए नीरज दाधीच लापिया, विकास जोशी एवं अमित व्यास को संयोजक नियुक्त किया गया। बैठक में समाज में व्याप्त विभिन्न कुरीतियों को समाप्त करने तथा सामाजिक चेतना को मजबूत करने का भी संकल्प लिया गया। दाधीच युवा प्रकोष्ठ की ओर से सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से वाहन रैली निकालने का निर्णय भी लिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए समाज के युवाओं को सामूहिक रूप से भागीदारी निभानी होगी। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी ने कहा कि दधीचि जयंती पर आयोजित रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए सभी युवाओं को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ जरूरतमंदों की सहायता के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। बैठक में लोकेश भट्ट, जुगल किशोर, संजय शर्मा, दिलीप गोरखिया, नारायण दाधीच, अंकित व्यास, अतुल शर्मा, वीरेंद्र शर्मा, नीरज नरेंद्र ओझा दाधीच, योगेश शर्मा, आदित्य ओझा, गोविंद शर्मा, प्रशांत जोशी, लव आचार्य, जितेंद्र दाधीच, सुमंत व्यास सहित अनेक युवा मौजूद रहे।