अलकेश पारीक
पीड़ित ने सात नामजद लोगों के खिलाफ जहाजपुर थाने में दी रिपोर्ट, जानलेवा हमले और जबरन कब्जे का आरोप
जहाजपुर। स्मार्ट हलचल।क्षेत्र के डांग का बाड़ा गांव में पुश्तैनी बाड़े पर कब्जे के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पीड़ित रामराज मीणा ने जहाजपुर थाने में रिपोर्ट देकर आरोप लगाया है कि सात लोगों ने संगठित होकर उसके पुश्तैनी बाड़े पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने कुल्हाड़ी, लकड़ी और लाठियों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में उसका कान कट गया तथा सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
रिपोर्ट के अनुसार शनिवार शाम करीब 7 बजे आरोपी पुश्तैनी बाड़े में बाड़बंदी कर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव के लिए पहुंचे रामराज के भाई रामसिंह पर भी कुल्हाड़ी से वार किया गया, जिससे वह भी घायल हो गया। शोर सुनकर पहुंची भाभी मौसमी के साथ भी मारपीट की गई।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए। हमले में उसके कपड़े खून से लथपथ हो गए। तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पीड़ित ने रिपोर्ट में लालू, फोरू, चेतन, कमलेश, अंबालाल, भागुती सहित सात लोगों के खिलाफ जबरन कब्जे, मारपीट और जान से मारने की नीयत से हमला करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
