ओम जैन
शंभूपुरा।स्मार्ट हलचल|महावीर इंटरनेशनल चित्तौड़गढ़ ने आज द्वारकेश सेवा समिति द्वारा संचालित खुशहाल वृद्धाश्रम में वर्तमान में निवासरत 72 वर्षीय ओम प्रकाश कुमावत पुत्र स्व शंकर लाल निवासी जावद दरवाजा निंबाहेड़ा का आश्रम के अनुरोध पर परिवार की सहमति से मरणोप्रांत देहदान संपन्न कराया गया।
ओमप्रकाश एवं पत्नि चंद्रकला दोनों को उनकी पुत्री किरण बोहरा करीब एक वर्ष पहले आश्रम में निवास करवाने के लिए लाई थी। आश्रम द्वारा उनकी पूरी देखभाल एवं सेवा की जा रही थी। दिनांक 7 जून को अकस्मात उनकी तबियत बिगड़ने पर उन्हें राजकीय जिला चिकित्सालय की गहन चिकित्सा वार्ड में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान 8 जून को उनका देहावसान हो गया। उनकी पत्नी, पुत्र प्रवीण, पुत्री किरण एवं अन्य परिवारजन की सहमति एवं उपस्थिति में खुशहाल आश्रम ने महावीर इंटरनेशनल चितौड़गढ़ के माध्यम से देहदान संपन्न कराया।
मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग के स्टाफ ने डॉ प्रवीण एवं डॉ आशीष शर्मा के निर्देशन पर देह प्राप्त की।
उल्लेखनीय है कि पति के देहांत के पश्चात भी उनकी पत्नी चंद्रकला ने आश्रम में रहने का ही चुनाव किया।खुशहाल आश्रम से यह तीसरा देहदान कराया गया।
बता दे कि नंदिनी त्रिपाठी की निस्वार्थ सेवा भाव के चलते यह आश्रम कई जरूरमंद वृद्ध व्यक्तियों के लिए आश्रय स्थल बना हुआ है।
पूरी प्रक्रिया में संचालिका नंदिनी त्रिपाठी एवं गजराज परमार की प्रमुख भूमिका रही।
महावीर इंटरनेशनल के अध्यक्ष अभय संजेती, देहदान प्रभारी प्रकाश पोखरना नवनीत मोदी, राजेंद्र संचेती ने देहदान की प्रक्रिया संपन्न कराई। गौरव स्वर्णकार ने सहयोग प्रदान किया।