पुनित चपलोत
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|शहर के तेजाजी चौक क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांधी सागर तालाब के पास पाल में एक अधेड़ का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। शव नजर आते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर भीमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाने के लिए एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम को सूचना दी, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार करीब एक घंटे तक आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत कर शव को पानी से बाहर निकलवाया। एसडीआरएफ के समय पर मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी भी देखने को मिली।
मृतक की पहचान सोहनलाल खटीक निवासी न्यू आत्माराम कॉलोनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोहनलाल गुरुवार सुबह घर से पैदल घूमने के लिए निकले थे, जिसके बाद शाम को उनका शव पंचमुखी मोक्ष धाम के समीप गांधी सागर तालाब की पाल में तैरता हुआ मिला।
भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि सूचना मिली थी कि गांधी सागर तालाब के पास पाल में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधेड़ की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।