नयापुरवा में महिला के शव मिलने के दो दिन बाद पति का शव भी मिला, क्षेत्र में सनसनी

शारदानगर खीरी।स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के ग्राम नयापुरवा में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के दो दिन बाद उसके पति का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है।जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व नयापुरवा गांव में एक महिला का शव उसके घर के पास संदिग्ध अवस्था में मिला था। सूचना पर पहुंची थाना शारदा नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। उस समय पुलिस ने कहा था कि मृत्यु के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

इसी बीच मंगलवार सुबह महिला के पति का शव गन्ने के खेत में लटका मिला। ग्रामीणों ने शव देखे जाने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।

थाना प्रभारी शारदानगर बृजमोहन सैनी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। महिला की मृत्यु के कारणों तथा पुरुष की मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपुष्ट सूचनाएं और अफवाहें प्रसारित न करें तथा जांच में सहयोग करें।

पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।