30 फीट गहराई में पत्थरों के बीच फंसी मिली सुनील की बॉडी, नहाते समय हुआ था हादसा
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जवाजा क्षेत्र की अतीतमंड ग्राम पंचायत में सोमवार दोपहर अवैध खदान में डूबे जैतपुरा निवासी 25 वर्षीय सुनील कुमार का शव मंगलवार को करीब 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। सुनील खदान में नहाते समय गहरे पानी में डूब गया था।सोमवार शाम अंधेरा होने के कारण एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस और साकेत नगर थाना पुलिस की ओर से चलाया जा रहा रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा था। मंगलवार सुबह बचाव दल ने दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया। करीब 30 फीट गहरे पानी में पत्थरों के बीच सुनील का शव फंसा मिला, जिसे टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
घटनास्थल पर साकेत नगर थाना पुलिस के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ब्यावर तहसीलदार मोहर सिंह मीणा ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अवैध खदानें बन रहीं हादसों का कारण
मानसून के दौरान क्षेत्र की कई अवैध खदानों में पानी भर गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इन खदानों के आसपास चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं। पानी से लबालब भरी इन खदानों में नहाने या उतरने से लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार इस मानसून में अब तक अवैध खदानों में डूबने से छह से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध खदानों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
