बूथ ही भाजपा की असली ताकत, कार्यकर्ता ही संगठन की पहचान- अनीता भदेल

(मोहम्मद आज़ाद नेब)

जहाजपुर|स्मार्ट हलचल।अनीता भदेल ने जहाजपुर में आयोजित भाजपा जिला प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन का मंत्र देते हुए कहा कि“बूथ जीता तो चुनाव जीता”केवल नारा नहीं, बल्कि संगठन की सफलता का मूल आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से “मेरा बूथ–सबसे मजबूत” के संकल्प को जमीन पर उतारने का आह्वान किया।जहाजपुर में आयोजित सातवें सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री भदेल ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर तक फैला संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बूथ समितियों के गठन, मतदाता सूची के पुनरीक्षण और घर-घर संपर्क अभियान को चुनावी सफलता की कुंजी बताया।

उन्होंने कहा कि पार्टी में बूथ अध्यक्ष का महत्व किसी भी बड़े पद से कम नहीं है। पदाधिकारियों और बूथ अध्यक्षों के बीच निरंतर संवाद तथा बूथ अध्यक्षों का आमजन से आत्मीय जुड़ाव संगठन को मजबूत बनाता है।

भदेल ने प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर सामूहिक रूप से सुनने की अपील करते हुए कहा कि इसके माध्यम से सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रहित के विषयों पर चर्चा का वातावरण तैयार होता है। उन्होंने बूथ स्तर पर स्थानीय उत्सवों, सामाजिक आयोजनों और जनहित गतिविधियों में भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव केवल प्रचार से नहीं, बल्कि मतदाता के साथ जीवंत संबंध और निरंतर संपर्क से जीते जाते हैं। बूथ स्तर पर मजबूत संवाद और विश्वास ही भाजपा की विजय का आधार बनेगा।