खखरेरू/फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब कथित प्रेमी के फोन पर दुल्हन मंडप से बाहर चली गई। काफी तलाश के बाद युवती मिल गई, लेकिन उसने होने वाले पति से शादी करने से साफ इनकार कर दिया। देर रात तक मान-मनौव्वल के बाद भी सहमति न बनने पर बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई।
पीड़िता के अनुसार गांव के ही रहने वाले सुमित द्विवेदी से उसका करीब आठ वर्षों से प्रेम संबंध था। युवती का आरोप है कि प्रेमी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और शादी वाले दिन उसे मंडप से बाहर बुलाकर भागने को कहा, लेकिन बाद में स्वयं मौके पर नहीं पहुंचा।
परिजनों के मुताबिक युवती की शादी खागा थाना क्षेत्र के ईट गांव निवासी युवक से तय हुई थी। 28 अप्रैल को धूमधाम से बारात पहुंची और जयमाल की रस्म भी पूरी हो गई। इसी दौरान युवती को कथित प्रेमी का फोन आया और वह गांव के बाहर मिलने के लिए मंडप से निकल गई। करीब एक घंटे तक वापस न आने पर परिजनों और बारातियों में अफरा-तफरी मच गई।
खोजबीन के दौरान युवती गांव से करीब दो किलोमीटर दूर मिली, जिसे परिजन घर ले आए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक समझाने का प्रयास चलता रहा, लेकिन युवती ने शादी से इनकार करते हुए प्रेमी से ही विवाह करने की जिद पर अड़ी रही। अंततः बारात बिना दुल्हन के लौट गई।
बताया जा रहा है कि घटना के दो दिन बाद तक भी कथित प्रेमी शादी करने नहीं पहुंचा है।
इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है, जानकारी मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
