रेलवे ट्रैक पर लेटकर युवक ने दी जान,सिर धड़ से हुआ अलग,मचा हड़कंप

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा में एक दर्दनाक घटना सामने आई, यहां एक युवक ने ट्रेन के आगे रेलवे ट्रैक पर लेटकर आत्महत्या कर ली। घटना होटल रेडियंस के सामने भीलवाड़ा-चित्तौडग़ढ़ रेलमार्ग स्थित ओवरब्रिज के पास की है। ट्रैक पर शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।प्रतापनगर थाने के एएसआई प्रमोद कुमार के अनुसार मृतक की पहचान शुक्रवार सुबह पारोली थाना क्षेत्र के बिशनिया हाल शिवमंदिर के पास कावांखेड़ा निवासी राहुल बैरवा के रूप में हुई। युवक अपने पिता रामस्वरूप बैरवा के साथ रहकर पत्थर से मूर्तियां बनाने का काम करता था और मूर्तिकार था।

पुलिस के अनुसार गुरुवार शुक्रवार की मध्यरात्रि करीब सवा एक बजे युवक के ट्रेन से कटने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव की हालत बेहद भयावह थी। युवक का सिर धड़ से अलग मिला, जबकि धड़ दोनों पटरियों के बीच पड़ा हुआ था। शुरुआती जांच में सामने आया कि युवक रेलवे ट्रैक पर लेट गया था, जिससे ट्रेन गुजरने पर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

रात में पहचान नहीं हो पाने के कारण शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

शुक्रवार सुबह परिजनों ने शव की पहचान की। पिता ने पुलिस को बताया कि राहुल कल रात में खाना खाने के बाद घूमने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मामले की जांच जारी है।