भीलवाड़ा (स्मार्ट हलचल)पुर रोड स्थित संत श्री सुधा सागर दिगम्बर जैन संस्थान के ब्रिटी स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में गुरुवार को 70वें राज्य स्तरीय स्कूल रोलर स्केटिंग टूर्नामेंट का भव्य और रंगारंग आगाज हुआ। खेल महाकुंभ की मुख्य अतिथि भीलवाड़ा महापौर जसवंत कंवर ने ध्वजारोहण कर और हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
मार्च पास्ट और नन्हें बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां
समारोह की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण के साथ हुई। राजस्थान के सभी 37 जिलों से आए खिलाड़ियों ने बैंड की धुन पर शानदार मार्च पास्ट निकाला। उद्घाटन सत्र में कक्षा 1 और 2 के नन्हें बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत और सांस्कृतिक नृत्यों ने सभी अतिथियों और दर्शकों का दिल जीत लिया।
37 टीमों के 390 खिलाड़ी रिंक पर दिखाएंगे रफ्तार
चार दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से कुल 390 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 205 छात्र एवं 185 छात्राएं शामिल हैं। मुकाबले ब्रिटी स्कूल ऑफ एक्सीलेंस और एस.एच. स्केट एरिना (SH Skate Arena) में आयोजित हो रहे हैं। निष्पक्ष निर्णयों के लिए भीलवाड़ा के 100 से अधिक अनुभवी स्टाफ के अलावा बीकानेर से 10 से अधिक निर्णायक मुस्तैद किए गए हैं।
🛑 70वीं राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता: संक्षिप्त आंकड़े
- सहभागी टीमें: राजस्थान के समस्त 37 जिले।
- कुल प्रतिभागी: 390 खिलाड़ी (205 छात्र एवं 185 छात्राएं)।
- मुकाबलों के स्थल: ब्रिटी स्कूल ऑफ एक्सीलेंस व एस.एच. स्केट एरिना।
- तकनीकी दल: भीलवाड़ा के 100+ प्रतिनियुक्त कर्मचारी व बीकानेर के 10+ निर्णायक।
डीईओ ने दिलाई खेल भावना की शपथ
जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर लाल जीनगर ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना और निष्ठा की शपथ दिलाई। अंत में राष्ट्रगान के साथ उद्घाटन सत्र संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मंच संचालन आयोजन सचिव रतनलाल खटीक ने किया तथा विकास भट्ट ने सह-संचालन में सहयोग दिया।
अतिथियों का किया अभिनंदन
समारोह में उपमहापौर राधेश्याम सोमानी, एएसपी राजेश आर्य, सेंट्रल नारकोटिक्स ब्यूरो अधिकारी सुशील वर्मा, जीतो चेयरमैन संपत जैन, डीईओ राजेंद्र गग्गर, स्केट एसोसिएशन के योगेंद्र खत्री, सतीश अग्रवाल व मुख्य निर्णायक रमेश चंद्र खटीक उपस्थित रहे। संस्थान निदेशक अकिन चौधरी, एन.सी. जैन व कमल शाह ने अतिथियों का सूत की माला व स्मृति चिह्न से स्वागत किया। प्रधानाचार्य विनीत जैन व एडमिन हेड याचिका चौधरी ने व्यवस्थाओं का नेतृत्व किया।