(अमर चन्द बैरवा)
*लालसोट व सदर दौसा की चोरी की वारदातों का खुलासा, 250 CCTV फुटेज की रूट मैपिंग से आरोपी तक पहुंची पुलिस
दौसा|स्मार्ट हलचल|लालसोट थाना पुलिस ने दिनदहाड़े हुई नकबजनी की वारदात का महज सात दिन में खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को जयसिंहपुरा खोर, जयपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि कुमार सोनी (26) निवासी शिमला, थाना मेहड़ा, जिला झुंझुनूं के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ राजस्थान के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, हथियार सप्लाई, चोरी व नकबजनी सहित करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं।पुलिस के अनुसार 29 सितंबर को जगदम्बा कॉलोनी लालसोट निवासी चिकित्सक डॉ. धीरज शर्मा के घर में दिनदहाड़े चोरी हुई थी। डॉ. शर्मा ड्यूटी पर गए हुए थे और उनकी पत्नी भी घर से बाहर थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान के ताले तोड़कर घर में घुसे और दो लैपटॉप सहित सामान चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलने पर लालसोट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वारदात को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालसोट विनोद कुमार सीपा, वृत्ताधिकारी सत्यनारायण यादव एवं थानाधिकारी हरलाल मीना के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सहायता, अपराध के पैटर्न का विश्लेषण, मुखबिर तंत्र, फील्ड वेरिफिकेशन और CCTV फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस टीम ने घटना के आसपास के करीब 250 CCTV कैमरों की फुटेज की रूट मैपिंग की। दिन-रात लगातार किए गए प्रयासों के बाद संदिग्ध रवि कुमार सोनी को जयसिंहपुरा खोर, जयपुर उत्तर से डिटेन किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
*सदर दौसा की वारदात से भी जुड़े तार*
पुलिस जांच में आरोपी का संबंध 27 सितंबर को सदर दौसा थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य दिनदहाड़े नकबजनी से भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने साथियों के साथ गोवर्धन वाटिका, दौसा निवासी कुशाल सिंह गुर्जर के मकान के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और 1.11 लाख रुपये नकद चोरी किए थे। इस मामले में सदर दौसा थाने में प्रकरण दर्ज है और गिरफ्तार आरोपी की भूमिका सामने आने पर मामले का भी खुलासा हुआ है।
*जेल से बाहर आते ही बनाई चोरी की योजना*
पुलिस के मुताबिक आरोपी रवि सोनी करीब एक माह पहले जिला कारागृह अलवर से जमानत पर बाहर आया था। बाहर आने के बाद उसने जेल में संपर्क में आए साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों की योजना बनाई। आरोपी और उसके साथी वारदात के दौरान ताले व दरवाजे तोड़ने के औजार बैग में रखते थे। पुलिस से बचने के लिए आने-जाने के रास्ते अलग-अलग रखते थे तथा वारदात के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी बिना नंबर की मोटरसाइकिल का उपयोग करता था और डोंगल के माध्यम से इंटरनेट का इस्तेमाल करता था।
*आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड*
पुलिस के अनुसार रवि कुमार सोनी के खिलाफ राज्य के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, चोरी-नकबजनी और आर्म्स एक्ट सहित करीब एक दर्जन प्रकरण दर्ज हैं। इनमें अलवर, जयपुर, झुंझुनूं, हरियाणा सहित विभिन्न स्थानों के मामले शामिल हैं।
*पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार*
वारदात का खुलासा करने वाली विशेष टीम में लालसोट थानाधिकारी हरलाल मीना, सदर थाना प्रभारी युधिष्ठिर सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों को शामिल किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार टीम के सदस्यों के उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।
विशेष टीम: हरलाल मीना, युधिष्ठिर, अमरसिंह, ओमप्रकाश, लक्ष्मीकांत शर्मा, सीताराम, लहरीलाल, राधेश्याम, सुजीत सिंह, गिर्राज प्रसाद एवं हवलदार कानि. 480 सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।