बस स्टैंड पर सवारी बैठाने को लेकर ऑटो चालकों के दो पक्ष भिड़े, बीच सड़क जमकर चले लात-घूंसे

पुनित चपलोत
मांडल। कस्बे के बस स्टैंड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सवारी बैठाने और उतारने को लेकर तिपहिया ऑटो चालकों के दो पक्ष आमने-सामने हो गए। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और बस स्टैंड परिसर में जमकर लात-घूंसे चले। घटना के दौरान यात्रियों और राहगीरों में भय का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस स्टैंड पर सवारी बैठाने को लेकर पहले दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ। इसी दौरान पहले से बैठी सवारी को उतारने के दौरान एक महिला के साथ कथित अभद्र व्यवहार होने पर मामला और भड़क गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े और बस स्टैंड रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

मारपीट की घटना से मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। कई यात्रियों ने खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागकर शरण ली। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर हालात शांत करवाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर मांडल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

जानकारी के अनुसार मांडल बस स्टैंड पर बिना परमिट संचालित तिपहिया ऑटो को लेकर लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई है। पुलिस द्वारा पूर्व में भी अवैध रूप से संचालित कई वाहनों को जप्त करने की कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अवैध संचालन पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बस स्टैंड पर सवारी व्यवस्था और तिपहिया वाहनों के संचालन को लेकर प्रशासन ने जल्द स्थायी समाधान नहीं किया तो भविष्य में इससे भी बड़ा विवाद खड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।