गांवों की सरकार चुनने के लिए मतदाताओं में दिखा उत्साह, भगुनगर मतदान में अव्वल तो गंधेर ने जहाजपुर में मारी बाजी
अलकेश पारीक
जहाजपुर। स्मार्ट हलचल|पंचायती राज चुनाव के तहत जहाजपुर और खजूरी पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए हुए मतदान में मतदाताओं ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। शाम 6 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार खजूरी पंचायत समिति में 82.90 प्रतिशत, जबकि जहाजपुर पंचायत समिति में 79.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोनों क्षेत्रों में गांवों की सरकार चुनने के लिए मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
खजूरी पंचायत समिति में 56,163 मतदाताओं ने डाले वोट
खजूरी पंचायत समिति में कुल 67,744 मतदाताओं में से 56,163 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां कुल मतदान प्रतिशत 82.90 रहा। सर्वाधिक मतदान भगुनगर ग्राम पंचायत में 89.78 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं कबारी में 89.62 प्रतिशत और बरौदा तलोदा में 88.17 प्रतिशत मतदान हुआ।
कम मतदान वाले क्षेत्रों में फतेहपुर गडबोदिया में 77.14 प्रतिशत, मानपुरा झींझरी में 77.97 प्रतिशत और श्रीनगरचावरी में 78.03 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जहाजपुर में गंधेर अव्वल, लुहारी खुर्द में सबसे कम मतदान
जहाजपुर पंचायत समिति क्षेत्र में शाम 6 बजे तक 79.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां गंधेर ग्राम पंचायत 90.94 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे रही। धुंवाला में 90.46 प्रतिशत, तीतोरी में 89.66 प्रतिशत, पांडेर में 88.04 प्रतिशत और धागड़िया में 87.49 प्रतिशत मतदान हुआ।
वहीं सबसे कम मतदान लुहारी खुर्द में 66.96 प्रतिशत दर्ज किया गया। लुहारी कलां में 68.34 प्रतिशत, रूनिया बरड़ा में 71.81 प्रतिशत, इटुंदा में 72.03 प्रतिशत और ऊंचा में 72.50 प्रतिशत मतदान हुआ।
सुबह से शाम तक बढ़ता रहा मतदान का ग्राफ
खजूरी पंचायत समिति में सुबह 10 बजे तक 20.05 प्रतिशत मतदान हुआ, जो दोपहर 1 बजे तक बढ़कर 44.81 प्रतिशत और दोपहर 3 बजे तक 61.79 प्रतिशत पहुंच गया। शाम 6 बजे तक मतदान का आंकड़ा 82.90 प्रतिशत हो गया।