मतदाताओं को लेने जा रही मारुति वैन में लगी आग

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

सवाईपुर-स्मार्ट हलचल|सवाईपुर क्षेत्र के रेड़वास गांव के पास मतदाताओं को लेने जा रही एक मारुति वैन में अचानक आग लग गई। जहां मतदान प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को लेने जा रही एक मारुति वैन में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते वैन धूं-धूं कर जल उठी और पूरी तरह से जलकर राख हो गई। गनीमत यह रही कि आग लगते ही वैन में सवार दो लोगों ने सूझबूझ दिखाई और समय रहते बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया, सूचना पर सवाईपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। दिवान शिवराज चौधरी ने बताया कि रेड़वास के समीप बलिया खेड़ा रोड पर एक मारुति वैन नवगठित ग्राम पंचायत बलिया खेड़ा क्षेत्र में मतदाताओं को पोलिंग बूथ तक लाने के लिए जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में वैन में अचानक तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग सुलग गई।
जब तक चालक कुछ समझ पाता, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया । आग की लपटें उठती देख वैन में सवार चालक और उसका साथी तुरंत गाड़ी के दरवाजे खोलकर बाहर की तरफ कूदे। दोनों के बाहर निकलते ही पूरी वैन आग का गोला बन गई। सड़क पर चलती वैन में आग लगने से मौके पर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना सवाईपुर चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सवाईपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से आवागमन को रुकवाया और मामले की जानकारी ली। गनीमत रही कि घटना के वक्त वैन में कोई मतदाता सवार नहीं था, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था, चालक सहित दोनों लोग सुरक्षित हैं, लेकिन मारुति वैन पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गई है। पुलिस अब आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।