बूंदी के कचरावता गांव में शादी समारोह के दौरान दूषित भोजन खाने से दुल्हन सहित 40 लोग बीमार, अस्पताल में इलाज जारी

बूंदी- स्मार्ट हलचल|जिले के नैनवा क्षेत्र के कचरावता गांव में चल रहे शादी समारोह में दूषित भोजन खाने से दुल्हन सहित लगभग 40 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. घटना में 22 महिलाएं प्रभावित हुई हैं, जिनमें दुल्हन मुस्कान भी शामिल हैं|कचरावता गांव निवासी राजेश बैरवा की बेटी मुस्कान का विवाह समारोह धूमधाम से चल रहा था. हाड़ौती क्षेत्र से आई बारात और पूरे गांव में उत्सव का माहौल था. मेहमानों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई थी, लेकिन यही भोजन कुछ ही घंटों बाद परेशानी का सबब बन गया. बीती रात भोजन करने के कुछ समय बाद मेहमानों को उल्टी, दस्त और तेज पेट दर्द की शिकायत शुरू हो गई. शुरुआत में इसे सामान्य समस्या समझा गया, लेकिन जब एक के बाद एक कई लोग बीमार पड़ने लगे तो परिजनों और आयोजकों में हड़कंप मच गया.

सभी का इलाज जारी: हालात बिगड़ते देख सभी बीमारों को तुरंत नैनवा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. नैनवा चिकित्सा प्रभारी डॉ. डीके प्रजापत ने बताया कि सभी मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है. प्रारंभिक जांच में इसे फूड पॉइजनिंग का मामला बताया गया है. सटीक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।