सूने मकान में नकबजनी का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

15 तोला सोना व 500 ग्राम चांदी के जेवर चोरी करने वाले मुख्य आरोपी समेत खरीदार पुलिस गिरफ्त में, 8.50 लाख का माल बरामद

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|रायपुर थाना पुलिस ने सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने की वारदात का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी समेत चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 57.48 ग्राम सोना और 150 ग्राम चांदी के आभूषण, कुल करीब 8.50 लाख रुपए का माल बरामद किया है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह आईपीएस के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं रायपुर वृताधिकारी बंशीलाल पांडर के सुपरविजन में थानाधिकारी राजूराम सीरवी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 24 अगस्त को निशा मीणा ने रिपोर्ट दी कि रायपुर स्थित उनके किराये के मकान का ताला टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर मकान का सामान अस्त-व्यस्त मिला। अलमारी से दो सोने के हार, दो मंगलसूत्र, टॉप्स की जोड़ी, चार जोड़ी पायल, दो सोने की अंगूठियां सहित करीब 15 तोला सोना और 500 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी मिले। इस पर रायपुर थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के बीटीएस लेने के साथ मोबाइल फोरेंसिक यूनिट अजमेर से निरीक्षण करवाया और 15 से 20 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस ने आरोपी अनिलसिंह उर्फ धाकड़िया पुत्र शेरसिंह रावत (25), निवासी मानावास कोटड़ा, थाना जवाजा को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने पहले मकान की रैकी की और रात करीब एक बजे नकाब पहनकर वारदात को अंजाम दिया। अनिलसिंह की निशानदेही पर चोरी का बैग एक सुनसान कुएं से तथा चांदी के आभूषण उसके निवास से बरामद किए गए। आरोपी ने चोरी का माल ब्यावर के बालकिशन सोनी को बेचने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने बालकिशन पुत्र मदनलाल सोनी (47), निवासी संग्रामगढ़, हाल चौहान कॉलोनी, ब्यावर को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया।

पुलिस के अनुसार अनिलसिंह के खिलाफ पूर्व में भी चोरी व नकबजनी के प्रकरण दर्ज हैं तथा थाना जवाजा के काबरा क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात में भी वह वांछित है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस टीम: थानाधिकारी राजूराम सीरवी, सउनि कन्हैयालाल, जिला साइबर सेल सउनि सरफराज, कांस्टेबल मनोज कुमार 510, दुर्गाराम 468, अशोक 633, होनाराम 438, तोगाराम 616 तथा थाना जवाजा के राजेन्द्र मुआ 75, तोगेश कांस्टेबल 629 और जसराज कांस्टेबल 638 शामिल रहे।