जैन इंजीनियर्स सोसायटी ने मनाया राष्ट्रीय अभियंता दिवस

भारत रत्न सर एम. विश्वेश्वरैया को किया नमन, राष्ट्र निर्माण में अभियंताओं की भूमिका पर चर्चा

कोटा।स्मार्ट हलचल|जैन इंजीनियर्स सोसायटी (जेईएस) कोटा की ओर से राष्ट्रीय अभियंता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न एवं महान अभियंता सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों ने राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
अध्यक्ष अशोक जैन पोटलिया ने कहा कि देश के विकास, आधुनिक तकनीक, आधारभूत संरचना और समाज के सर्वांगीण विकास में अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। अभियंता तकनीकी समाधान देने के साथ नवाचार और नई सोच के माध्यम से राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने में योगदान देते हैं।

जेईएस कोटा सचिव विनीत जैन ने कहा कि बदलते तकनीकी दौर में अभियंताओं को तकनीकी दक्षता के साथ नवाचार, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अभियंताओं का दायित्व केवल निर्माण और तकनीकी विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में जेईएस फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक अशोक पाटनी, द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स कोटा लोकल सेंटर के अध्यक्ष डी.के. जैन, जेईएस फाउंडेशन के संरक्षक आर.के. जैन बजाज, अध्यक्ष अशोक जैन पोटलिया, सचिव विनीत जैन, पंकज सेठी, आई.के. जैन, जितेश जैन, एम.के. बजाज, एच.सी. जैन, वीरेंद्र जैन एवं मनीष जैन सहित बड़ी संख्या में अभियंता और सदस्य उपस्थित रहे।