बस का इंतजार कर रहे दो भाइयों पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने चाकू से किया हमला, 30 हजार भी लूटे,घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा । शहर के व्यस्ततम अजमेर चौराहे पर बुधवार देर रात बदमाशों के हौसले बुलंद देखने को मिले। यहां बस का इंतजार कर रहे दो सगे भाइयों पर बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के दौरान बदमाश पीड़ितों से 30 हजार रुपये की नकदी भी लूटकर फरार हो गए। इस जानलेवा हमले और लूट की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल पूसा लाल पिता जेठू राम माली उम्र 34 वर्ष ने बताया कि बुधवार देर रात में ओर मेरा बड़ा भाई चंपा लाल गांव जाने के लिए अजमेर चौराहे पर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर तीन लड़के आए और हमारे से माचिस मांगी, तो मैंने उन्हें माचिस के लिए मना कर दिया फिर अचानक से उन तीनों ने हम दोनों भाइयों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। और हमलावर मेरे बड़े भाई की जेब में रखे 30 हजार रुपए भी निकाल कर ले गए। हम लोग हमलावरों को नहीं जानते हैं और नहीं उनसे हमारा कोई वाद विवाद है। फिलहाल दोनों घायलों का जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में इलाज जारी है।