हरनावदाशाहजी होकर बस सेवाओं के संचालन की मांग तेज, जनप्रतिनिधियों ने उठाई आवाज

संजय चौरसिया
हरनावदाशाहजी ।स्मार्ट हलचल|क्षेत्र में बेहतर परिवहन सुविधा को लेकर बस सेवाओं के संचालन की मांग तेज हो गई है। ग्राम पंचायत हरनावदाशाहजी एवं आसपास के ग्रामीणों की ओर से लंबे समय से बस सेवाओं के विस्तार की मांग की जा रही है।
प्रशासक दीपिका पारेता ने इस संबंध में परिवहन विभाग को पत्र लिखकर शीघ्र बस सेवाएं शुरू करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में आवागमन की सुविधा के अभाव में आमजन, विद्यार्थी एवं व्यापारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं भाजपा नगर अध्यक्ष संजय पारेता ने भी रोडवेज बसों के संचालन की मांग को उचित बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र एक प्रमुख केंद्र है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवाजाही करते हैं। उन्होंने कहा कि बस सेवाएं शुरू होने से न केवल आमजन को राहत मिलेगी, बल्कि परिवहन निगम के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।
क्षेत्रवासियों ने बारां से इंदौर एवं बारां से भोपाल बस सेवाओं के पुनः संचालन के साथ-साथ बारां से राजगढ़ नई बस सेवा शुरू करने की मांग रखी है। इन सेवाओं के शुरू होने से हरनावदाशाहजी सहित आसपास के गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।ग्रामीणों ने प्रशासन एवं परिवहन विभाग से जल्द से जल्द इन बस सेवाओं को शुरू करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके