रोज कई यात्रियों के सामान हो रहे है चोरी
पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // भीलवाड़ा का रोडवेज बस स्टैंड इन दिनों चोरों का गढ़ बनता जा रहा है। यहाँ आए दिन यात्रियों के बैग, मोबाइल और अन्य कीमती सामान चोरी होने की वारदातें सामने आ रही हैं। सोमवार को सामने आए एक ताजा मामले में, परीक्षा देने जा रही एक छात्रा का बैग बस स्टैंड से पार हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब बैग का कोई सुराग नहीं मिला, तो रोडवेज प्रशासन की एक और बड़ी लापरवाही उजागर हुई। पीड़ित पक्ष ने जब चोरों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग की, तो सामने आया कि बस स्टैंड पर लगे अधिकांश कैमरे पिछले कई महीनों से बंद पड़े हैं। लगातार हो रही चोरियों और बंद पड़े कैमरों ने रोडवेज प्रशासन के सुरक्षा दावों की पोल खोल कर रख दी है।
दुकान पर सामान लेने गई, पीछे से बैग गायब
पीड़ित छात्रा रानू कंवर ने बताया, “मैं बीएसटीसी (BSTC) की परीक्षा देने के लिए उत्तर प्रदेश के मऊ जा रही थी। इस दौरान जब मैं रोडवेज बस स्टैंड पहुँची और कुछ सामान लेने के लिए एक दुकान पर रुकी, तभी पीछे से कोई अज्ञात शातिर मेरा बैग चुराकर रफूचक्कर हो गया। उस बैग में मेरे सभी जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज, नकदी और अन्य कीमती सामान था। जब मैंने बैग का सुराग लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग की, तो प्रशासन ने कैमरे बंद होने का हवाला देकर पल्ला झाड़ लिया।”
जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते नजर आए प्रबंधक
इस पूरे मामले पर रोडवेज बस स्टैंड प्रबंधक निरंजन कुमार शर्मा का बेहद गैर-जिम्मेदाराना रवैया सामने आया है। उन्होंने कहा, “पूछताछ केंद्र (इन्क्वायरी) पर तैनात कर्मचारी समय-समय पर अनाउंसमेंट करके यात्रियों को जेबकतरों और चोरों से सावधान रहने की हिदायत देते हैं। यात्री अपने सामान की सुरक्षा खुद करें। जहाँ तक सीसीटीवी कैमरों का सवाल है, तो पिछले 3-4 महीनों से कैमरे खराब पड़े हैं। इसके लिए हमने उच्च अधिकारियों और स्थानीय विधायक को पत्र लिखकर नए कैमरे उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि चोरियों पर लगाम लगाई जा सके। इसके अलावा हमने नजदीकी पुलिस थाने को भी सूचित किया है कि ऐसी घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई करें।”
