जीरो डोज कार्यक्रम के तहत पंचायत प्रतिनिधियों, युवा समूहों एवं स्वयं सहायता समूहों का आमुखीकरण सम्पन्न

बिजौलिया । टीकाकरण के जीरो डोज कार्यक्रम के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, यूनिसेफ एवं सीएसओ पार्टनर शिव शिक्षा समिति के तत्वावधान में पंचायत राज संस्थाओं, युवा समूहों एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों का आमुखीकरण कार्यक्रम पंचायत समिति सभागार, बिजौलिया में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विकास अधिकारी श्री अशेष शर्मा ने की।

कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय स्तर पर टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जीरो डोज एवं छूटे हुए बच्चों को नियमित टीकाकरण सेवाओं से जोड़ने में स्थानीय नेतृत्व की भूमिका को सशक्त बनाना था। इस अवसर पर प्रतिभागियों को बताया गया कि जीरो डोज वे बच्चे हैं जिन्हें जन्म के बाद कोई भी टीका नहीं लगा है तथा ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें समय पर टीकाकरण सेवाओं से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है।

अध्यक्षीय उद्बोधन में विकास अधिकारी श्री अशेष शर्मा ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि, युवा संगठन एवं स्वयं सहायता समूह समुदाय में विश्वास निर्माण कर टीकाकरण के प्रति सकारात्मक व्यवहार विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपने-अपने क्षेत्रों में टीकाकरण से संबंधित भ्रांतियों को दूर करने तथा प्रत्येक पात्र बच्चे के पूर्ण टीकाकरण के लिए सहयोग करने का आह्वान किया।

जिला समन्वयक सुरेंद्र सोनी ने द्वारा नियमित टीकाकरण कार्यक्रम, जीरो डोज बच्चों की पहचान, समुदाय आधारित निगरानी, व्यवहार परिवर्तन संचार तथा टीकाकरण से जुड़ी सामान्य शंकाओं के समाधान पर विस्तार से जानकारी दी गई।

ब्लॉक हेल्थ सुपरवाइजर देवी लाल बारेठ ने प्रतिभागियों को यह बताया कि पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं समुदाय के प्रभावशाली व्यक्तियों की सक्रिय भागीदारी से टीकाकरण कवरेज में उल्लेखनीय सुधार किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए ।

ब्लॉक कॉर्डिनेटर गोविंद सिंह ने समुदाय में टीकाकरण को लेकर आने वाली चुनौतियों एवं उनके समाधान पर चर्चा की। सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में टीकाकरण जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में पंचायत राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, युवा समूहों, स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों 45 प्रतिभागियों ने भाग लिया।