राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वर्णिम स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित, राष्ट्रीय मंच पर राजस्थान की पारंपरिक कला का बढ़ाया गौरव
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।ब्यावर की कला प्रतिभा ने एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर अपनी चमक बिखेरी है। शहर के पारंपरिक पिछवाई चित्रकार जगदीश प्रसाद साहू को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 6 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में सम्मानित किया। राष्ट्रपति के हाथों मिला यह सम्मान न केवल साहू की कला साधना की पहचान बना, बल्कि ब्यावर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि साबित हुआ।
राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में 23 अक्टूबर से 6 नवंबर तक आयोजित राष्ट्रीय चित्रकला कार्यशाला में साहू ने राजस्थान की पारंपरिक पिछवाई चित्रकला का प्रतिनिधित्व किया। कार्यशाला के समापन पर उन्होंने अपनी विशेष कलाकृति राष्ट्रपति को भेंट की। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने उन्हें राष्ट्रपति भवन का स्वर्णिम स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
17 कलाकारों के बीच ब्यावर की कला ने बनाई अलग पहचान
राष्ट्रपति सचिवालय के कला एवं सांस्कृतिक अनुभाग की ओर से आयोजित इस कार्यशाला का विषय ‘विकास शक्ति@स्मार्ट सिटी मिशन 2047’ रखा गया था। इसमें देशभर की विभिन्न पारंपरिक एवं लोक कला शैलियों से जुड़े 17 कलाकारों ने भाग लिया।
कार्यशाला में भारतीय सांस्कृतिक विरासत और विकसित भारत की भावी परिकल्पना को कलाकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
पारंपरिक पिछवाई में उकेरी विकसित भारत की तस्वीर
जगदीश प्रसाद साहू ने अपनी कलाकृति में राजस्थान की पारंपरिक पिछवाई शैली के रंगों और बारीकियों के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विरासत के साथ आधुनिक भारत की विकास यात्रा को दर्शाया। उनकी कला ने परंपरा और आधुनिक सोच का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।
पुखराज आसरवा के सुपुत्र हैं जगदीश साहू
जगदीश प्रसाद साहू, पुखराज आसरवा के सुपुत्र हैं।
राष्ट्रपति भवन में देश की प्रथम नागरिक के हाथों सम्मानित होना उनके परिवार और ब्यावर शहर के लिए गौरव का क्षण है। उनकी इस उपलब्धि से ब्यावर की पारंपरिक चित्रकला को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।