पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक कैफे पर मामूली कहासुनी के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक ने कैफे में बैठे दो युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायलों को उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार गुलाब वाटिका के पास स्थित जनता टी कैफे पर तोहिब हुसैन और उसका दोस्त जाफर अंसारी चाय पी रहे थे। इसी दौरान आफताब नामक युवक वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई, जिसके बाद आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर दोनों युवकों पर हमला कर दिया। हमले में तोहिब हुसैन और जाफर अंसारी घायल हो गए।
घायल तोहिब हुसैन ने बताया कि वे दोनों दोस्त कैफे पर बैठे हुए थे और आपस में मजाक कर रहे थे। इसी दौरान आफताब वहां आया और बिना कारण ही गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने हम दोनों पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी पुलिस जाब्ते के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली।पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।