मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव में नवचयनित अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र

अंबेडकर भवन में जिला स्तरीय समारोह आयोजित, विधायक शंकर सिंह रावत सहित अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार रविवार को ब्यावर के अंबेडकर भवन में जिला स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न विभागों में नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। नियुक्ति पत्र प्राप्त करते ही अभ्यर्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह नजर आया।अलवर में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का सीधा प्रसारण ब्यावर के अंबेडकर भवन में किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने संबोधित किया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेशभर में नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

जिला स्तरीय समारोह में विधायक शंकर सिंह रावत ने नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस अवसर पर जिला कलक्टर कमल राम मीना, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शंकर लाल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं नवनियुक्त कार्मिक मौजूद रहे।

समारोह के दौरान नवचयनित अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र मिलने पर खुशी व्यक्त की और नई जिम्मेदारी के प्रति उत्साह जताया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को बधाई देते हुए कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।