वार्ड 7 की मतदाता सूची में ग्रामीण क्षेत्र के 262 नाम, प्रत्याशियों की बढ़ी चिंता

रतनपुरा सरदारा समेत चार ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाता शहरी वार्ड की सूची में शामिल होने का दावा

निल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|नगर परिषद चुनाव-2026 की निर्वाचक नामावली में वार्ड संख्या 7 को लेकर नई विसंगति सामने आई है। प्रत्याशियों के अनुसार वार्ड की मतदाता सूची में ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 262 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। रतनपुरा सरदारा, थोरियों का बाडिया, भिलातों का बाडिया और लगेतों का बाडिया के मतदाताओं के नाम शामिल होने से चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों की चिंता बढ़ गई है।

बताया गया कि भाग संख्या-1 में क्रमांक 1150 से 1172 तक रतनपुरा सरदारा, 1173 से 1242 तक थोरियों का बाडिया तथा 1243 से 1353 तक भिलातों का बाडिया के मतदाता दर्ज हैं। वहीं भाग संख्या-2 में क्रमांक 1289 से 1326 तक भिलातों का बाडिया और 1327 से 1362 तक लगेतों का बाडिया के मतदाताओं के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।

वार्ड 7 में जैन कॉलोनी, सांसी बस्ती, छावनी फायर ऑफिस, ब्यावर क्लब, ए.के.एच. अस्पताल तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग कार्यालय सहित शहरी क्षेत्र आते हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं के नाम शहरी वार्ड की सूची में शामिल होने से निर्वाचन व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

प्रत्याशियों का कहना है कि यदि ये नाम सूची में बने रहते हैं तो चुनावी गणित पर इसका असर पड़ सकता है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं तक प्रचार और मतदान से संबंधित जानकारी पहुंचाना भी प्रत्याशियों के लिए चुनौती बनेगा। दूसरी ओर संबंधित मतदाताओं के बीच भी मतदान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने की बात कही जा रही है।

प्रत्याशियों ने निर्वाचन विभाग से मतदाता सूची में दर्ज नामों की जांच कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। अब देखना होगा कि चुनाव से पहले विभाग इस कथित विसंगति पर क्या कदम उठाता है।