नामांकन के अंतिम दिन उमड़े उम्मीदवार, चुनावी सरगर्मियां तेज

मदन मोहन गर्ग

नाम वापसी के बाद साफ होगी तस्वीर, भाजपा-कांग्रेस ने सभी 60 वार्डों में उतारे प्रत्याशी
गंगापुर सिटी, स्मार्ट हलचल। गंगापुर सिटी नगर परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया सोमवार को अंतिम दिन पूरी हो गई। निर्धारित समय दोपहर 3 बजे तक चुनाव मैदान में उतरने के इच्छुक अभ्यर्थियों ने रिटर्निंग अधिकारियों के समक्ष अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही शहर में चुनावी सरगर्मियां और तेज हो गई हैं।
नामांकन के लिए गंगापुर सिटी में अलग-अलग स्थानों पर व्यवस्थाएं की गई थीं। रिटर्निंग अधिकारी विनोद कुमार के अलावा एसीएम कार्यालय में रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार तथा एडीएम कार्यालय में रिटर्निंग अधिकारी एवं तलावड़ा तहसीलदार के समक्ष अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किए।
अंतिम दिन विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ ही निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी बड़ी संख्या में नामांकन प्रस्तुत कर अपनी दावेदारी जताई। भाजपा और कांग्रेस ने नगर परिषद के सभी 60 वार्डों के लिए अपने प्रत्याशियों की सूची प्रस्तुत कर चुनावी मैदान में पूरी ताकत के साथ उतरने का संकेत दिया है।
अब नामांकन पत्रों की जांच और इसके बाद होने वाली नाम वापसी की प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं। नाम वापसी की अवधि पूरी होने के बाद ही कितने प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहेंगे और किन वार्डों में सीधा या त्रिकोणीय मुकाबला होगा, इसकी अंतिम तस्वीर साफ होगी। इसके साथ ही प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार भी जोर पकड़ने की संभावना है।