शाहपुरा@(किशन वैष्णव ) भीम-उनियारा राष्ट्रीय राजमार्ग 148डी पर नई राज्यास से सरसुंदा चौराहे के निकट रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नीलगायों का झुंड अचानक सड़क पर आने से एक ग्रैंड विटारा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में शाहपुरा निवासी एक वृद्धा की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार कोठार मोहल्ला, शाहपुरा निवासी कलादेवी राठौड़ (69), पत्नी स्वर्गीय रामगोपाल राठौड़,अपने परिजनों के साथ ग्रैंड विटारा कार से अजमेर जा रही थीं। परिवार उन्हें अजमेर छोड़ने के लिए निकला था। कार को देवांश पुत्र किशोर सिंह चला रहे थे।सरसुंदा चौराहे के पास अचानक नीलगायों का झुंड सड़क पर आ गया। नीलगायों को बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में उतर गई।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायलों को वाहन से बाहर निकाला।उन्हें तत्काल शाहपुरा जिला चिकित्सालय पहुंचाया।दुर्घटना में कलादेवी राठौड़ गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। वहीं बकुल उर्फ दीपा राठौड़ (40 वर्ष) पत्नी रवि राणावत निवासी बलदेव नगर अजमेर,अन्यान्य राणावत पुत्री रवि राणावत (14 वर्ष) तथा सार्दुल सिंह पुत्र रवि राणावत (7 वर्ष) घायल हो गए। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भीलवाड़ा जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। कार चालक देवांश सिंह को मामूली चोटें पर प्राथमिक उपचार दिया गया।
सूचना पर फूलियाकलां थाने के एएसआई सोराज मीना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। तथा दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 148डी पर नीलगायों और अन्य वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, जिससे आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
