नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार-पुलिस ने प्रकरण का 8 दिन में किया खुलासा

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा।स्मार्ट हलचल|जिले की उनियारा थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण व दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
जिला पुलिस अधीक्षक, राजेश कुमार मीणा (आईपीएस) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टोंक रतनलाल भार्गव व पुलिस वृताधिकारी उनियारा आकांक्षा चौधरी के निकटतम सुपरविजन में थाना प्रभारी उनियारा कप्तान सिंह चौधरी (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल 2026 को नाबालिग पीड़िता के पिता ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसकी नाबालिग बेटी का अज्ञात युवक द्वारा अपहरण कर लिया गया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अनुसंधान शुरू किया। जांच के दौरान पीड़िता को दस्तयाब कर बयान लिए गए, जिसमें अपहरण के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी अनिल उर्फ गोलू मीणा (19) निवासी चैनपुरा, थाना उनियारा जिला टोंक को 27 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार की, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार, 28 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागृह टोंक भेज दिया गया है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सर्किल क्षेत्र में महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।