भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी व झालमुरी के साथ मनाया प्रचंड विजय उत्सव

अनिल जांगिड़

स्मार्ट हलचल|ब्यावर विजयनगर भारतीय जनता पार्टी गुलाबपुरा मंडल द्वारा पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में भाजपा की प्रचंड विजय के उपलक्ष्य में टीकम चौराहे पर भव्य विजय उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह राठौड़ के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
विजय उत्सव के दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार आतिशबाजी कर जीत की खुशी व्यक्त की। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भाजपा कार्यकर्ता उत्साहपूर्वक नाचे और भाजपा के झंडे लहराते हुए एक-दूसरे को बधाई दी। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पश्चिम बंगाल का प्रसिद्ध व्यंजन झालमुरी रहा, जिसका वितरण कर कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में जीत का जश्न मनाया। विदित रहे कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बंगाल के पारंपरिक फूड झालमुरी का स्वाद लिया था। प्रधानमंत्री द्वारा इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद झालमुरी चुनावी चर्चा का प्रमुख विषय बनी रही।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह राठौड़ ने कहा कि पश्चिम बंगाल में आए चुनाव परिणाम ममता सरकार के कुशासन एवं गुंडाराज के अंत का संकेत हैं। वहीं असम में जनता ने भाजपा सरकार के विकास कार्यों, सुशासन और जनहितकारी नीतियों पर पुनः विश्वास जताया है। पुडुचेरी में भी भाजपा को मिली सफलता कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनता के समर्थन का परिणाम है।
पूर्व पालिका अध्यक्ष करतार सिंह राठौड़ ने सभी कार्यकर्ताओं को बंगाल में हुई जीत की बधाई देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता पार्टी गाइडलाइन के अनुसार कार्य करते हुए आगामी नगर पालिका चुनाव में गुलाबपुरा में भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए संकल्पबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी निरंतर जनसेवा, विकास और संगठन मजबूती के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। आने वाले समय में गुलाबपुरा नगर पालिका चुनाव में भी भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ विजय प्राप्त करेगी।
इस मौके पर पूर्व चेयरमैन करतार सिंह राठौड़, पूर्व प्रधान कन्हैयालाल वैष्णव, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष प्रदीप रांका, महामंत्री पीयूष मेवाड़ा, मनोज तोषनीवाल, भाजयुमो नगर संयोजक कृष्णगोपाल त्रिपाठी, ओबीसी मोर्चा जिला मंत्री महेंद्र सिंह चुण्डावत, शिवनाथ सिंह राठौड़, पूर्व पार्षद रोहित चौधरी, महेन्द्र सिंह जामोला, उपाध्यक्ष मोहिनी देवी, राहुल चोरड़िया, राजू रामदेव बैरवा, मंडल मंत्री मनोज सिंह सिसोदिया, बंशीलाल सोनावा, प्रेम रेगर, पूर्णिमा देवी, संतोष कंवर, कोषाध्यक्ष मनोज सेठी, विजय सिंह पंवार, ओबीसी मोर्चा नगर संयोजक गोपाल वैष्णव, अरिहंत जैन, मंगल सिंह, गोपाल सिंह, मोती सिंह, भरत व्यास, कमलेश आमेटा, राजेन्द्र सिंह, जय सिंह, धन सिंह , सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों में पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।