धौलपुर। स्मार्ट हलचल|चकोली शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास समिति द्वारा शिक्षक दिवस पर वार्षिक छात्रवृत्ति एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 36 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, समाजसेवा और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजकीय महाविद्यालय धौलपुर के प्राचार्य डॉ. गिर्राज सिंह मीणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि वह समाज का आइना होता है। शिक्षक अपनी शिक्षा, आचरण, संस्कार और व्यवहार के माध्यम से आने वाली पीढ़ी के साथ-साथ पूरे समाज की दिशा तय करता है। समाज निर्माण में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसी कारण समाज में शिक्षक का स्थान सर्वोच्च माना गया है। समारोह में पूर्व वाइस चांसलर डॉ. मनरूप सिंह मीणा ने कहा कि चकोली शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास समिति ने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते हुए अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। संस्था द्वारा जरूरतमंद और प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने का कार्य सराहनीय है। छात्रवृत्ति जैसे प्रयास विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
डॉ. ए.के. बेरी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में शिक्षक की जिम्मेदारियां पहले की अपेक्षा और अधिक बढ़ गई हैं। बदलते सामाजिक परिवेश में शिक्षक को विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों, अनुशासन और संस्कारों की शिक्षा भी देनी चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।पूर्व प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय धौलपुर डॉ. रामराज लाल शर्मा ने कहा कि शिक्षक स्वयं दीपक की तरह जलकर समाज को रोशनी देने का कार्य करता है। शिक्षक अपने ज्ञान से विद्यार्थियों का भविष्य संवारने के साथ समाज को नई दिशा प्रदान करता है। संस्थापक सदस्य पंडित दुर्गा दत्त शास्त्री ने कहा सस्था पिछले 27 वर्षों से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। जिसका उद्देश्य प्रतिभावान एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समिति अपने सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यों को और व्यापक रूप देगी। डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि उनके पिताजी ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में जो सपना देखा था, उसे परिवार के सभी भाई मिलकर पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं। विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और जरूरतमंद प्रतिभाओं को सहयोग उपलब्ध कराना संस्था के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। समारोह के दौरान शिक्षा एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को समिति की ओर से सम्मानित किया गया, समारोह में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले कुल 36 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं सम्मान प्रदान किया गया। समिति के कोषाध्यक्ष गौरव गर्ग ने पधारे सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का संचालन रंजीत दिवाकर एडवोकेट एवं अनिल मिश्रा ने किया।
