नीरज मीणा
महवा। स्मार्ट हलचल/द बोहराज ग्लोबल स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय की गुरु-शिष्य परंपरा का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। विद्यालय द्वारा शिक्षकों रघुवर सिंह , राजेंद्र मिश्रा, श्री भगवत शर्मा जी एवं श्री प्रभु दयाल जी का विद्यालय परिवार की ओर से भावपूर्ण सम्मान किया गया।
विशेष बात यह रही कि सम्मानित चारों शिक्षक विद्यालय निदेशक के पिताजी के साथ-साथ उनके पुत्रों वर्तमान निदेशक एवं सह-निदेशक के भी शिक्षक रहे हैं। इन शिक्षकों ने विद्यालय प्रबंधन की दो पीढ़ियों को शिक्षा एवं मार्गदर्शन प्रदान किया और दोनों पीढ़ियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षक दिवस पर गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विद्यालय के निदेशक एवं सह-निदेशक ने स्वयं उनके चरण पूजन वंदन अभिषेक कर, माला पहनाकर एवं तिलक लगाकर उनका सम्मान किया।
इस भावपूर्ण अवसर पर विद्यालय परिवार ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान, समर्पण एवं सेवाओं को याद किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षक का स्थान जीवन में सदैव सर्वोच्च रहता है। समय बदलने और विद्यार्थी के आगे बढ़ जाने के बावजूद गुरु का मार्गदर्शन और उनके संस्कार जीवनभर साथ रहते हैं।
समारोह में हाल ही में विद्यालय द्वारा आयोजित सीबीएससी क्लस्टर के सफल आयोजन की भी चर्चा हुई। विद्यालय प्रशासन, निदेशक एवं आयोजन टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी गई। वक्ताओं ने कहा कि महवा जैसे क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर सीबीएसई क्लस्टर का सफल आयोजन विद्यालय की कार्यक्षमता, बेहतर नेतृत्व एवं निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
इस अवसर पर माननीय राज्यपाल के विद्यालय आगमन को भी क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय के निरंतर प्रयासों के कारण महवा जैसे क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर की शैक्षणिक एवं खेल गतिविधियों को मंच मिल रहा है। राज्यपाल का विद्यालय आगमन विद्यालय के प्रयासों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान और गौरव का विषय है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा शिक्षा एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को नमन किया। समारोह में विद्यालय निदेशक विनय बोहरा, सह निदेशक विकास बोहरा, प्रधानाचार्य प्रवीन विज, राजेश, पुनीत, उप प्रधानाचार्य श्वेता राणा नेगी, समस्त शिक्षकगण एवं समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
