मंगरोप@मुकेश खटीक
खेत पर जा रहे एक किसान पर मंगलवार सुबह 12 फीट लंबे अजगर ने चलती बाइक पर अचानक झपट्टा मार दिया।हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया।उस समय बाइक पर उसकी पत्नी और पोता भी सवार थे।अजगर दोबारा हमला करने ही वाला था,लेकिन किसान ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाइक स्टार्ट कर मौके से निकलकर अपनी और परिवार की जान बचा ली।जानकारी के अनुसार निकटवर्ती छोटा काबरा निवासी देवीलाल कुमावत (48) पुत्र बरदीचंद कुमावत मंगलवार सुबह पत्नी और पोते के साथ बिहारीपुरा मार्ग स्थित अपने खेत पर जा रहे थे।खेत से करीब 200 मीटर पहले मेड़ पर घात लगाए बैठे लगभग 12 फीट लंबे अजगर ने अचानक चलती बाइक पर झपट्टा मार दिया।
“शिक्षक नहीं तो TC दो” के नारों से गूंजा हाईवे, छात्रों ने किया चक्काजाम
हमले में देवीलाल के पैर में गंभीर चोट आई और वे बाइक से असंतुलित होकर गिर गए।घटना से घबराकर उनकी पत्नी जोर-जोर से चिल्लाने लगी।शोर सुनकर अजगर कुछ दूरी तक आगे चला गया,लेकिन कुछ ही क्षण बाद वह दोबारा उनकी ओर पलटकर आने लगा।इसी दौरान देवीलाल ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल बाइक स्टार्ट की,पत्नी और पोते को बैठाया तथा वहां से सीधे घर पहुंच गए।घर पहुंचकर उन्होंने पूरी घटना परिजनों को बताई।इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे,जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज किया।अजगर के हमले से उनके पैर में गंभीर चोट आई है।घटना की सूचना मिलने पर वनपाल हरिशंकर विशनोई टीम के साथ मौके पर पहुंचे।आसपास के खेतों और झाड़ियों में अजगर की तलाश की गई,लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।वनपाल विशनोई ने बताया कि क्षेत्र में लगातार सर्च अभियान चलाया गया,लेकिन अजगर नहीं मिला।उन्होंने किसानों और ग्रामीणों से खेतों पर जाते समय विशेष सतर्कता बरतने तथा अकेले नहीं जाने की अपील की है।इधर,मंगरोप निवासी सलाउद्दीन मंसूरी ने बताया कि कुछ दिन पहले वह हमीरगढ़ से मंगरोप लौट रहे थे।इसी दौरान आईआईटी केंद्र के पास इको पार्क की ओर सड़क पार करते हुए उन्होंने एक बड़े अजगर को देखा था।समय रहते बाइक रोक देने से बड़ा हादसा टल गया।उनका कहना है कि शायद आज हमला करने वाला यही अजगर हो सकता है।
