सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|फूलिया कलां उपखंड क्षेत्र में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। ग्राम पंचायत फूलियाकलां के ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी सुनील कुमार पिपलीवाल को ज्ञापन सौंपकर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने तथा मुख्य पाइपलाइन पर किए गए कथित अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि इस संबंध में जन कल्याण शिविर के दौरान भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन विभागीय उदासीनता के कारण आज तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया। कस्बे में नियमित जलापूर्ति नहीं होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर नलों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है, वहीं हैंडपंप और ट्यूबवेल भी पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल संकट के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में रोष व्याप्त है।
ज्ञापन में बताया गया कि चंबल परियोजना का फिल्टर प्लांट कनेछन कलां में स्थित है, जहां से फूलियाकलां कस्बे को पेयजल आपूर्ति की जाती है। आरोप है कि मुख्य पाइपलाइन से कनेछन कलां में कई लोगों ने अवैध रूप से नल कनेक्शन कर रखे हैं और पेयजल का उपयोग बाड़ों व कृषि भूमि की सिंचाई में किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इसकी जानकारी संबंधित विभागीय कार्मिकों को होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।ग्रामीणों ने मुख्य पाइपलाइन की जांच कर अवैध नल कनेक्शन तत्काल हटाने तथा कस्बे में नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।ज्ञापन सौंपने के दौरान दिनेश कुमार, शंकर माली, रामरतन, द्वारका, शिवराज आचार्य, शंकर सिंह, नारायण, काना, अंशुल, सूरज, रतन, चेतन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
