रमेश चंद्र डाड
आकोला|स्मार्ट हलचल|पंचायत समिति कोटड़ी के अंतर्गत ग्राम पंचायत मंशा में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विकास अधिकारी पंचायत समिति कोटड़ी के अनुसार पूर्व सरपंच खानी देवी से ग्राम पंचायत मंशा का प्रभार लेकर पुनः दिनेश कुमार बैरवा को प्रशासक के रूप में कार्यभार सौंपने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार माननीय उच्च न्यायालय जोधपुर में दर्ज स्पेशल अपील में पारित स्थगन आदेश की पालना में यह निर्णय लिया गया है। विभागीय आदेश को प्रत्याहृत करते हुए प्रशासनिक समिति सदस्य (निर्वतमान उपसरपंच) दिनेश कुमार बैरवा को ग्राम पंचायत मंशा का कार्यभार सौंपने के आदेश प्राप्त हुए हैं।
विकास अधिकारी रामबिलास मीणा द्वारा जारी पत्र में संबंधित अधिकारियों को आदेश की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश जारी होते ही पंचायत क्षेत्र में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है तथा ग्रामीणों में मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
