दो मौतों के बाद मेगा हाइवे पर बवाल, सात घंटे जाम

शव को सड़क पर रख किया प्रदर्शन, प्रशासन के आश्वासन पर शाम साढ़े सात बजे खुला जाम

लाखेरी – स्मार्ट हलचल।उपखंड के देईखेड़ा क्षेत्र के गुहाटा गांव में गुरुवार को पैतृक जमीन के विवाद में दो लोगों की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने शुक्रवार को मृतक के शव को देईखेड़ा पुलिस थाने के समीप मेगा हाइवे पर रखकर प्रदर्शन किया। करीब सात घंटे तक हाइवे जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिजनों ने मृतकों के आश्रितों को संविदा पर नौकरी, विवादित जमीन पर हक दिलाने तथा आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।देईखेड़ा थानाधिकारी रामभरोसी मीणा व वृताधिकारी नरेंद्र नागर मय जाप्ते के दिनभर जाम खुलवाने के लिये समझाइश करते रहे परन्तु परिजन उपखण्ड अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे बाद में देर शाम उपखंड अधिकारी जवाहर लाल जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय, वृत्ताधिकारी नरेंद्र नागर एवं थानाधिकारी राम भरोसी मीणा जाम स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से करीब दो घंटे तक वार्ता कर समझाइश की। वार्ता में संविदा नौकरी की मांग को छोड़कर अन्य मांगों पर सहमति बन गई, लेकिन संविदा नौकरी की समय सीमा तय करने को लेकर परिजन अड़े रहे। इससे वार्ता के बाद भी जाम नहीं खुल पाया।

बाद में उपखंड अधिकारी ने जिला कलेक्टर से निर्देश लेकर संविदा नौकरी के लिए आवेदन करने पर जल्द नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस पर शाम करीब साढ़े सात बजे परिजन शव सड़क से हटाने और जाम खोलने पर सहमत हुए। इसके बाद मेगा हाइवे पर वाहनों का आवागमन बहाल हो सका।

कोटा उपचार के दौरान दूसरे घायल ने भी तोड़ा दम

गौरतलब है, कि गुरुवार को पैतृक जमीन को लेकर परिवार के दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ था। इसमें हरिप्रसाद की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि गंभीर घायल रामप्रसाद ने शुक्रवार दोपहर उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दूसरे मृतक की सूचना पर परिजनों का आक्रोश बढ़ गया और हाइवे जाम कर प्रदर्शन किया गया।

आरोपितों को किया गिरफ्तार पुलिस ने आरोपित रामकुंवार एवं उसके पुत्र कमल उर्फ बबलू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी गई है।