पुनित चपलोत
कोटड़ी तहसील के ग्राम छापरेल में सरकारी भूमि और धार्मिक नाड़ी पर हो रहे अवैध अतिक्रमण व बिना लाइसेंस चल रहे क्लिनिक को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। इस संबंध में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि छापरेल निवासी बंगाली डॉक्टर ने चामुंडा माताजी की धार्मिक नाड़ी की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कर लिया है। अतिक्रमणकारी ने न केवल वहां चार दुकानें बना ली हैं, बल्कि पीछे की करीब एक बीघा सरकारी भूमि पर भी अवैध कब्जा कर रास्ता निकाल लिया है। वर्तमान में वह इन दुकानों को किराए पर देकर अनुचित लाभ कमा रहा है। इसके अलावा, वह लंबे समय से बिना किसी वैध लाइसेंस के गांव में अवैध रूप से क्लिनिक भी संचालित कर रहा है।
शिकायत करने पर अतिक्रमणकारी प्रभावशाली और राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर ग्रामीणों को धमकियां दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि सात दिवस के भीतर इस अवैध क्लिनिक को बंद नहीं किया गया और अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो वे तहसील व जिला स्तर पर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
