भीलवाड़ा/ जयपुर । राजस्थान सरकार ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी/राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS) में कथित अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई की है। भीलवाड़ा के रामस्नेही अस्पताल सहित प्रदेश में 48 निजी अस्पतालों को RGHS से निलंबित कर दिया गया है, जबकि 24 अस्पतालों पर करीब ₹3 करोड़ का जुर्माना लगाया गया है। कार्रवाई की जद में जयपुर के मणिपाल, सोनी और इंडस सहित 9 प्रमुख अस्पताल भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि योजना में पारदर्शिता बनाए रखने और सरकारी धन के दुरुपयोग को रोकने के लिए जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। गौरतलब है की प्रदेश में तीन माह में 51 अस्पताल निलंबित किए गए है और एक माह में 24 अस्पतालों पर 3 करोड़ का जुर्माना लगा है । वित्तीय एवं प्रक्रियागत अनियमितता पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी है । इन अस्पतालों में ऑडिट एवं जांच के दौरान कई गंभीर वित्तीय एवं प्रक्रियागत अनियमितताएं सामने आईं। इनमें दस्तावेजों की डुप्लीकेसी, आवश्यकता से अधिक जांचें कराना, अधिक भुगतान प्राप्त करने के उद्देश्य से एक ही पैकेज में सम्मिलित सेवाओं एवं प्रक्रियाओं को अलग-अलग दर्शाकर क्लेम प्रस्तुत करना, आवश्यक दस्तावेजों का अभाव तथा ओपीडी मरीजों को अनुचित रूप से आईपीडी में परिवर्तित कर क्लेम प्रस्तुत करना जैसी गंभीर अनियमितताएं शामिल हैं। इन अनियमितताओं के कारण योजना पर अनावश्यक वित्तीय भार पड़ने की पुष्टि होने पर नियमानुसार रिकवरी की कार्रवाई की गई।
