छापरी चौराहे के समीप कार को बचाने के प्रयास में श्रमिकों से भरी बस पलटी,एक बाइक सवार भी आया चपेट में,9 जने हुए घायलों

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम बस पलटने से हड़कम्प मच गया। सोपुरा से नानकपूरा जा रही श्रमिकों से भरी एक बस छापरी चौराहे के पास अचानक पलट गई। हादसे के वक्त बस में कंचन फैक्ट्री के श्रमिक सवार थे। बताया जा रहा है कि सामने आ रही एक कार को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इसी दौरान एक बाइक सवार भी बस की चपेट में आ गया।

हादसे में बस में सवार 8 श्रमिक और एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में चेतन हरीजन, हीरा लाल बलाई, हनुमान बलाई, लादू सिंह राजपुत, भैरूलाल बैरवा, सुखराज सिंह राठौड, चेन सिंह राहुल लौहार और बाइक सवार भैरू गाड़री शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

बस चालक राहुल ने हादसे की जानकारी पुलिस और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल जिला अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।